भारतीय कुश्ती में जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व सांसद और कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने दिग्गज पहलवान विनेश फोगाट के खिलाफ तीखा बयान दिया है। विनेश ने आरोप लगाया था कि उन्हें जानबूझकर राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट से दूर रखने के लिए वेरिफिकेशन नहीं करने दिया गया और ट्रेनिंग हॉल तक का उपयोग करने से रोका गया। इन आरोपों पर पलटवार करते हुए बृजभूषण ने कहा कि वह फिलहाल वही 'रायता' समेट रहे हैं जो विनेश फैलाकर गई हैं।
बृजभूषण शरण सिंह ने विनेश की ओर से लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वह अब कुश्ती संघ की किसी भी गतिविधि या फैसलों में शामिल नहीं हैं। यह नया विवाद उस समय शुरू हुआ जब विनेश फोगाट को गोंडा में आयोजित नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया था।
यह भी पढ़ें: 'सदमे में देश, अर्थव्यवस्था कहां खड़ी है बताएं PM मोदी', केजरीवाल की 3 गुजारिश
बृजभूषण शरण सिंह का बयान
विनेश फोगाट के आरोपों पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, 'जो रायता फैलाकर गई हैं देवी जी, हम उसी को निपट रहे हैं कोर्ट में। जहां तक इस बात का सवाल है कि कुश्ती के मुकाबले कहां होंगे या कहां नहीं होंगे तो यह मेरा मामला नहीं है। यह पूरा काम अब WFI के अधिकार क्षेत्र में आता है। वही तय करता है कि मुकाबले कहां होंगे, कहां नहीं होंगे, कौन खेलेगा और कौन नहीं।'
उन्होंने आगे कहा, 'क्योंकि मैं खुद भी WFI का अध्यक्ष रह चुका हूं, इसलिए अपने अनुभव के आधार पर मैं यह कह सकता हूं कि WFI कभी भी किसी खिलाड़ी को खेलने से नहीं रोकता। WFI सिर्फ खिलाड़ियों के लिए ही बना है। अगर किसी को रोका गया भी होगा तो उसका कोई न कोई कारण जरूर दिया गया होगा।'
यह भी पढ़ें: 'महाभारत भी छोटा लगेगा', संजय कपूर संपत्ति विवाद पर जस्टिस पादरीवाला
बृजभूषण शरण सिंह पर कोर्ट में सुनवाई जारी
एक तरफ कुश्ती के मैदान में विवाद चल रहा है तो दूसरी तरफ कानूनी प्रक्रिया भी जारी है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में मंगलवार को बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न मामले की सुनवाई हुई। कोर्ट ने इस दौरान SIT के एक सदस्य का बयान दर्ज किया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 15 और 19 मई की तारीखें तय की हैं। जिसमें जांच अधिकारी (IO) के बयान दर्ज किए जाएंगे।
विनेश फोगाट का पक्ष
विनेश फोगाट ने हाल ही में आरोप लगाया था कि उन्हें गोंडा टूर्नामेंट में न तो वेरिफिकेशन पूरा करने दिया गया और न ही ट्रेनिंग हॉल का इस्तेमाल करने की अनुमति मिली। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास इंटरनेशनल टेस्टिंग एजेंसी (ITA) की अनुमति है और उन्हें प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पहले ही मंजूरी मिल चुकी थी।
यह भी पढ़ें: 3 मई को हुई NEET (UG) परीक्षा रद्द, फिर से होगी परीक्षा, NTA ने किया एलान
गौरतलब है कि यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब विनेश फोगाट उन महिला पहलवानों में शामिल रहीं जिन्होंने बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। इसके बाद से ही भारतीय कुश्ती में लगातार तनाव और टकराव की स्थिति बनी हुई है।