इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 51वां मुकाबला आज (8 मई) दिल्ली कैपिटल्स (DC) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला शाम 7:30 बजे से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होना है। DC 10 मैचों में 8 पॉइंट्स के साथ टेबल में सातवें पायदान पर है, दूसरी तरफ KKR के पास 9 पॉइंट्स हैं और वह आठवें नंबर पर है। आज दोनों टीमों में जिसे हार मिलेगी उसके लिए प्लेऑफ के दरवाजे लगभग बंद हो जाएंगे।
जीत की हैट्रिक लगा चुकी है KKR
अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली KKR ने सीजन की शुरुआत बेहद खराब की थी। उसने लगातार 5 मुकाबले गंवा दिए थे। लग रहा था कि अब उसका सीजन समाप्त ही हो जाएगा, तभी 3 बार की चैंपियन टीम ने जोरदार वापसी की और जीत की हैट्रिक लगा दी। KKR की निगाहें जीत के सिलसिले को बरकरार रख प्लेऑफ की रेस में जिंदा रहने पर होगी।
DC ने लगातार दो मैच जीतकर मौजूदा सीजन का धमाकेदार आगाज किया था लेकिन इसके बाद वह पटरी से उतर गई। अगले 8 मैचों में वह 2 ही जीत दर्ज कर पाई। पिछले 5 मैचों की बात करें तो DC को सिर्फ एक जीत मिली है। अक्षर पटेल की कप्तानी सवालों के घेरे में है। उन्होंने पिछले सीजन की ही गलतियां इस बार भी दोहराई हैं। उनका खुद का प्रदर्शन भी अच्छा नहीं रहा है। अक्षर गलतियों को ठीक कर DC को महत्वपूर्ण 2 पॉइंट्स दिलाना चाहेंगे।
यह भी पढ़ें: IPL पर मंडरा रहा हनी ट्रैप का खतरा! BCCI ने टीमों को क्यों आगाह किया?
DC vs KKR पिच रिपोर्ट
आज का मुकाबला अरुण जेटली स्टेडियम की उस पिच पर खेला जाएगा, जिस पर पंजाब किंग्स ने 265 रन के टारगेट को चेज कर लिया था। इससे पहले DC ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 163 रन के लक्ष्य को हासिल किया था। हालांकि ये दोनों दोपहर के मैच थे। इस पिच पर मौजूदा सीजन में पहली बार शाम का मैच होगा। यहां भी टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना ही ज्यादा फायदेमंद रहेगा।
यह भी पढ़ें: लगातार 6 हार के बाद जीती LSG, RCB को हराकर प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:
कोलकाता नाइट राइडर्स - अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, कैमरन ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा
दिल्ली कैपिटल्स - पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश राणा, करुण नायर, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, मिचेल स्टार्क, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन