logo

ट्रेंडिंग:

ऑफ साइड फील्ड...स्लोअर बॉल, अभिषेक शर्मा को कहां फंसा रही हैं विपक्षी टीमें?

टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इस टी20 वर्ल्ड कप में लगातार तीन डक के बाद चौथे मैच में 15 रन ही बना सके। उनके खिलाफ विपक्षी टीमें खास रणनीति के साथ उतर रही हैं।

Abhishek Sharma Batting

अभिषेक शर्मा, Photo Credit: PTI

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement
Group2

ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले हर तरफ अभिषेक शर्मा की गूंज थी। टीम इंडिया का यह युवा सलामी बल्लेबाज टी20 बैटिंग के हर मापदंड में अव्वल नजर आ रहा था। ICC टी20 रैंकिंग में भी वह नंबर-1 बल्लेबाज थे। माना जा रहा था कि अभिषेक अपनी फॉर्म को टी20 वर्ल्ड कप में भी जारी रखेंगे लेकिन वह अपने पहले 3 मैचों में खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 मैच में वह 15 रन ही बनाए।

 

अभिषेक जब तक डक पर आउट हो रहे थे, तब तक उनकी फॉर्म को लेकर उतनी चिंता नहीं जताई जा रही थी लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाजी की, उससे उनकी पोल खुल गई है। अभिषेक जहां सबसे ज्यादा रन बनाते हैं, उसी एरिया में फील्डर लगाकर उन्हें रन बनाने से रोका जा रहा है और वह अपना विकेट फेंककर चलते बन रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: जिम्बाब्वे के खिलाफ दांव पर टीम इंडिया की साख, कहां दिखेगा मैच?

कहां फंस रहे हैं अभिषेक?

अभिषेक शर्मा इस टूर्नामेंट में ईशान किशन के साथ ओपनिंग करने उतर रहे हैं। दोनों ही बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जिससे विपक्षी टीमें ऑफ स्पिनर के साथ अटैक कर उन्हें मुश्किल में डाल रही हैं। अभिषेक को पाकिस्तान के खिलाफ सलमान अली आगा ने चलता किया था। वहीं अगले मैच में नीदरलैंड्स के खिलाफ वह आर्यन दत्त की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए।

 

इस टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का पहला मैच अमेरिका से था। अभिषेक उस मुकाबले में तेज गेंदबाज अली खान का शिकार बने थे। अली खान ने उन्हें डीप कवर में लपकवाया था। अभिषेक ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ रविवार को ऑफ स्पिन के खतरे को टाल तो दिया लेकिन वह तेज गेंदबाजों के बनाए गए प्लान में फंस गए। पावरप्ले में अभिषेक के लिए ऑफ साइड में दोनों फील्डर्स डीप में रखे गए थे, जिससे वह अपने सबसे मजबूत एरिया में बड़े हिट्स नहीं लगा सके। अमेरिका ने भी अभिषेक के लिए कुछ ऐसी ही फील्ड सजाई थी।

 

यह भी पढ़ें: सुधर सकता है इंडिया का नेट रन रेट, जिम्बाब्वे के खिलाफ करने होंगे ये काम

स्लोअर बॉल भी कारगर

अभिषेक के सामने साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाजों ने स्लोअर बॉल का भी खूब इस्तेमाल किया। खासकर लुंगि एनगिडी और मार्को यानसन ने उन्हें पेस नहीं दी, जिस पर वह बड़े शॉट्स खेल सकें। कैगिसो रबाडा ने रफ्तार वाली गेंद डाली तो अभिषेक छक्का लगाने में सफल रहे लेकिन वह धीमी गेंदों पर फुल फ्लो में नहीं खेल पाए। आखिरकार यानसन ने उन्हें धीमी गेंद पर ही फंसाया और पावरप्ले के अंदर पवेलियन भेज दिया।

 

25 साल के अभिषेक को विपक्षी टीमों की तैयारियों को समझना होगा। ऑफसाइड फील्ड लगाने पर उन्हें डीप पॉइंट और डीप कवर की दिशा में चौके-छक्के तलाशने की बजाए सिंगल-डबल पर निर्भर रहना होगा। देखना होगा कि अभिषेक स्लोअर बॉल टैक्टिस से कैसे निपटते हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ आज (26 फरवरी) टीम इंडिया चेन्नई में अहम मुकाबले में उतरने वाली है, जिसमें अभिषेक के गेम प्लान पर सभी की नजरें रहेंगी।


और पढ़ें