दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने 25 अप्रैल को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया था। केएल राहुल के नाबाद 152 रन की पारी की मदद से DC ने बोर्ड पर 264 रन टांग दिए। हालांकि अंत में ये रन भी नाकाफी साबित हुए। पंजाब किंग्स (PBKS) ने इस टारगेट को 18.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। इसके अगले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ DC महज 75 रन पर ही सिमट गई।
लगातार दो मैचों मिली करारी हार के बाद DC ने 1 मई को जोरदार वापसी की और राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ 226 रन के रिकॉर्ड चेज को अंजाम दिया। लगा कि DC के बल्लेबाज अब यहां से पीछे मुड़कर नहीं देखेंगे लेकिन अगले दो मैचों में वे फिर से फेल हो गए। मंगलवार (5 मई) को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के सामने DC 157 रन ही बना पाई। इसके बाद उसने शुक्रवार (8 मई) को कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने सिर्फ 142 रन बनाए। इस मुकाबले में DC की खराब बल्लेबाजी का आलम ये रहा कि उसके नाम IPL का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड जुड़ गया।
यह भी पढ़ें: IPL पर मंडरा रहा हनी ट्रैप का खतरा! BCCI ने टीमों को क्यों आगाह किया?
DC ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड
KKR के खिलाफ पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर DC ने केएल राहुल का विकेट खोकर 7.5 ओवर में 74 रन बना लिए थे। पथुम निसांका क्रीज पर जमे हुए थे, जिससे DC चुनौतीपूर्ण स्कोर की तरफ बढ़ती दिख रही थी लेकिन अचानक उसकी पारी बिखर गई और देखते ही देखते उसका स्कोर 89/5 हो गया। सेट बल्लेबाज निसांका (29 गेंद में 50 रन) समेत नीतीश राणा, समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स सब पवेलियन लौट चुके थे। यहां से कप्तान अक्षर पटेल ने आशुतोष शर्मा के साथ मिलकर टीम को संकट से निकालने का जिम्मा उठाया लेकिन दोनों ने बेहद धीमी बल्लेबाजी की।
अक्षर और आशुतोष के रक्षात्मक रवैये के चलते DC 12 से 16 ओवर के बीच 11 रन ही बना पाई। DC ने इस दौरान कोई विकेट भी नहीं गंवाया लेकिन अक्षर-आशुतोष तेजी से रन जुटाने में नाकाम रहे, जिससे DC किसी IPL पारी के इस फेज में सबसे कम रन बनाने वाली टीम बन गई। इससे पहले यह शर्मनाक रिकॉर्ड CSK के नाम था। उसने पिछले साल चेपॉक में KKR के खिलाफ 12-16 ओवर के बीच 12 रन बनाए थे। CSK ने इस दौरान 4 विकेट भी खोए थे।
यह भी पढ़ें: इससे अच्छा टेस्ट ही खेल लो... अक्षर पटेल की धीमी बैटिंग पर भड़के फैंस
बुरी तरह हारी DC
आशुतोष ने आखिरी ओवरों में गियर बदला लेकिन तब तक काफी देर हो चुका था। उन्होंने 20वें ओवर में आउट होने से पहले 28 गेंद में 39 रन बनाए। वहीं अक्षर 22 गेंद खेलकर 11 रन ही जोड़ पाए। DC ने KKR के सामने 143 रन का छोटा टारगेट रखा, जिसे उसने फिन एलेन (47 गेंद में नाबाद 100 रन) के आतिशी शतक की मदद से 14.2 ओवर में ही हासिल कर लिया। इस हार के साथ ही DC प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर हो गई है।
