उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर के खिलाफ जनता सड़क पर उतर आई है। जो लोग स्मार्ट मीटर नहीं लगवा रहे हैं, बिजली विभाग उनका कनेक्शन काट दे रहा है। आम लोग, इसे लेकर विरोध कर रहे हैं। महोबा जिले का भी हाल ऐसा ही है। महोबा के एसडीएम सदर शिवध्यान पांडे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह जनता से उलझते नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने उनसे शिकायत की थी कि बिजली का कनेक्शन नहीं है। तार काट दिए गए हैं, कनेक्शन जोड़ दिया जाए। कुछ महिलाएं उन पर दबाव बना रही थीं। एक महिला उपभोक्ता ने जब अपनी परेशानी बताई तो एसडीएम, उसे अपना पद याद दिलाने लगे। उन्होंने कई बार कहा कि वह बिजली नहीं जोड़ते हैं।
यह भी पढ़ें: 'DM साहब, जिंदा हूं मैं...', कागजों में मुर्दा बताया तो कफन ओढ़कर लेट गया शख्स
'मैं SDM हूं, बिजली नहीं जोड़ता'
महोबा के एसडीएम सदर शिवध्यान पांडे ने कहा, 'मैं SDM हूं, मैं लाइट नही जोड़ता हूं। जिसको भी ज्यादा गुस्सा करना हो, अलग खड़ा हो जाए। ठीक है? गुस्सा हमें भी आ जायेगा। बड़ी दिक्कत हो जाएगी। कब तक मैं धैर्य पूर्वक सुनूंगा। शांतिपूर्वक बात कीजिएगा।'
क्या है मामला?
कीरत सागर के पास महोबा में बिजली विभाग का दफ्तर है। यहां स्मार्ट मीटर से परेशान लोग प्रदर्शन कर रहे थे। लोगों ने सड़क जाम कर दी थी। तभी SDM आए। उन्होंने लोगों को समझाने की कोशिश की। लोग बिजली विभाग की कार्यशैली से नाराज थे। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से बातचीत की। बातचीत के दौरान ही लोग उन पर बिजली जोड़ने का दबाव देने लगे।
यह भी पढ़ें: BJP विधायक पर कर दी घूंसों की बरसात, कौन हैं बाबा सीताराम?
लोक क्या कह रहे हैं?
लोगों का कहना है कि इस ठसक के साथ अगर प्रशासनिक अधिकारी काम करेंगे तो आम जनता कैसे उनके सामने अपना पक्ष रख पाएगी। कुछ लोगों ने एसडीएम को जनता के साथ सही व्यवहार करने की नसीहत दी है।