उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक अजब-गजब घटना सामने आई है, जहां एंक्लेव कॉलोनी में बिजली का ट्रांसफॉर्मर चुरा लिया गया है। चोरों ने ट्रांसफॉर्मर को चुराने के बाद उसके एक-एक पुर्जे अलग किए और उनमें मौजूद तांबा और तेल लेकर फरार हो गए। जानकारी के लिए बता दें कि इस ट्रांसफॉर्मर की कीमत लगभग 11 लाख रुपये है, जिसे कुछ हजार रुपये के लालच में चोरी कर लिया गया। यह पहली घटना नहीं है जब इस इलाके में ट्रांसफॉर्मर चोरी हुआ हो। इससे पहले पिछले महीने भी इसी एरिया में ट्रांसफॉर्मर चोरी की घटना हुई थी।
बुधवार की रात 12 बजे ट्रांसफॉर्मर चोरी किया गया। जिसके बाद करीब 300 लोगों के घरों की बिजली गुल हो गई। सुबह 5 बजे लोगों को पता चला कि ट्रांसफॉर्मर चोरी हो गया है। इसके बाद बिजली विभाग ने करीब 8 बजे बिजली सेवा बहाल की। इलाके के लोगों ने ट्रांसफॉर्मर चोरी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
यह भी पढ़ें: असम कांग्रेस के अध्यक्ष रहे भूपेन बोरा का इस्तीफा, अकेले पड़ गए गौरव गोगोई?
अब तक फरार हैं आरोपी
पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। ट्रांसफॉर्मर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि चोर कितने थे और कौन थे। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा ने कहा, 'मामले की जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।' फिलहाल पुलिस अभी तक आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है।
उत्तर प्रदेश में पिछले एक साल में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां चोरों ने ट्रांसफॉर्मर चुराकर इलाके की बिजली गुल कर दी। बिजली विभाग के मुताबिक शहर में बीते एक साल में 25 से ज्यादा ट्रांसफॉर्मर चोरी हो चुके हैं। लखनऊ के बिजली विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर चोरी करने वालों का एक गैंग सक्रिय है। दो दिन पहले देवा रोड पर भी ट्रांसफॉर्मर चोरी की कोशिश की गई थी लेकिन इलाके के लोगों ने चोरों को भगा दिया। इसमें मलिहाबाद गैंग का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: जम्मू कश्मीर में खुलेंगे 14 और टूरिस्ट स्पॉट, आदेश जारी, देख लें पूरी लिस्ट
बीते दिनों कहां-कहां चोरी हुआ ट्रांसफॉर्मर?
बीते दिनों लखनऊ शहर में कई जगह ट्रांसफॉर्मर चोरी की घटनाएं हुई हैं। जैसे 25 दिसंबर को बिजनौर के हंसखेड़ा क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर चुराया गया। इसके बाद 1 जनवरी को मोहान रोड पर स्थित 250 केवीए ट्रांसफॉर्मर चोरी हुआ। फिर 17 जनवरी को मोहनलालगंज के गणेशखेड़ा इलाके में 250 केवीए ट्रांसफॉर्मर चुराया गया। इसके बाद भी चोरी की घटनाएं नहीं थमीं। 7 फरवरी को बीकेटी इलाके में एक चबूतरे पर रखा ट्रांसफॉर्मर भी चोरी कर लिया गया।
इन सभी घटनाओं में खास बात यह है कि चोर केवल तांबे और तेल के लालच में लाखों रुपये के ट्रांसफॉर्मर गायब कर रहे हैं। जिस वजह से बिजली विभाग को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है।