हरियाणा के पानीपत में रहने वाले एक दंपति ने जहर खाकर खुद की जान ले ली। दंपति की मौत पर परिजन का दावा है कि दोनों लोग अपनी बहू से परेशान थे। उनकी बहू मॉडर्न विचारों की थी, जो छोटे कपड़े पहनकर रील बनाती थी, जिसे देखकर सास-ससुर परेशान रहते थे। इसी वजह से सास और बहू के बीच आए दिन बहस होती थी। साथ ही परिजन का यह भी दावा है कि मृत सास-ससुर की बहू उन्हें पीटती भी थी। इन दावों के आधार पर पुलिस अधिकारियों ने बहू के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की है।
यह मामला रविवार सुबह का है, जहां पानीपत के नारा गांव में रहने वाले राजेश और सुमन ने जहर खा लिया था। इसके बाद बेटे आशीष ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। पानीपत के पीजीआई (PGI) अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के लिए बता दें कि आशीष ने स्नेहा के साथ 2025 में लव मैरिज की थी। स्नेहा के साथ आए दिन सास-ससुर का झगड़ा होता रहता था। परिजन का दावा है कि आशीष भी अपने माता-पिता के साथ बदतमीजी करता था, जिस वजह से दुखी होकर सुमन और राजेश ने जहर खा लिया।
यह भी पढ़ें: शादी के 3 महीने बाद हुई महिला की मौत, पुलिस ने जलती चिता से उतरवाई लाश
अस्पताल में हुई दंपति की मौत
पुलिस की जानकारी के मुताबिक, जब आशीष ने अपने माता-पिता को अस्पताल में भर्ती कराया, तो डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने की बहुत कोशिश की थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने सास-ससुर के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। फिलहाल पुलिस अधिकारी घटना को लेकर पूछताछ कर रहे हैं। अभी तक पुलिस अधिकारियों ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया है।
क्यों खाया सास-ससुर ने जहर?
परिजन का दावा है कि 9 मई की दोपहर सास-ससुर और बहू के बीच झगड़ा हुआ था। इसी झगड़े की वजह से सुमन और राजेश दुखी और परेशान हो गए थे। इसके बाद दोनों ने सर्फ यानी डिटर्जेंट खाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजन का मानना है कि सुमन और राजेश अपनी बहू से ज्यादा अपने बेटे आशीष के व्यवहार से दुखी थे, जो आपसी झगड़ों में अपनी पत्नी स्नेहा का साथ देता था। सुमन और राजेश का एक ही बेटा आशीष था, जिसके बदलते व्यवहार को वे सह नहीं पाए।