झारखंड की राजधानी रांची से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। रांची के लालपुर स्थित ओम गर्ल्स हॉस्टल में पुलिस ने सेक्स रैकेट का खुलासा किया है। इस मामले में 10 लड़कियों समेत कुल 11 को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले के खुलासे के बाद प्रशासन में हडकंप मच गया। पुलिस को जानकारी मिली थी कि हॉस्टल से देह व्यापार चलाया जा रहा था। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद जांच की तो यह बात सच निकली जिसके बाद पुलिस ने गिरफ्तारी की। पुलिस अभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी जिसके बाद एक टीम बनाकर छापेमारी की गई। मौके पर पकड़े गए आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि लंबे समय से हॉस्टल का इस्तेमाल सेक्स रैकेट के ठिकाने के रूप में हो रहा था। लड़कियों को हॉस्टल में रखा जाता था और यहां से बाहर भेजा जाता था। इसके बदले मोटी रकम वसूल की जाती थी।
यह भी पढ़ें: मुंबई में बम की धमकी देने वाला निकला ज्योतिषी, पुलिस ने क्या बताया?
व्हाट्सएप के जरिए होती थी बुकिंग
पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं। उन्हें कुछ दिन पहले ही रांची लाया गया था। एक युवक ने उन्हें यहां हॉस्टल में रखा था और वह खुद को उनका गार्जियन बताता था। वह ग्राहकों से व्हाट्सएप पर डील करता था। वह लड़कियों की फोटो ग्राहकों को भेजता था और रेट तय करता था। जब भी कोई ग्राहक मिलता तो हॉस्टल में गाड़ी भेज दी जाती थी। लड़कियां गाड़ी में बैठकर होटल जाती थीं और ड्राइवर उन्हें कमरे का नंबर बताता था। काम खत्म होने के बाद लड़कियों को गाड़ी में बैठाकर वापस होस्टल छोड़ दिया जाता था। लड़कियां सीधे ग्राहकों के संपर्क में ना आएं इस बात का खास ध्यान रखा जाता था।
पुलिस पूछताछ में लड़कियों ने पहले खुद को छात्र बताया था लेकिन जब पुलिस ने उनसे पढ़ाई से जुड़ा कोई सबूत मांगा तो वे नहीं दे पाईं। पुलिस ने हॉस्टल के सभी कमरों की तलाशी ली थी लेकिन उन्हें वहां कोई लड़का नहीं मिला। पुलिस को हॉस्टल संचालक की भूमिका पर भी शक है।
मुख्य आरोपी फरार
अधिकारियों ने बताया कि यह मामला गंभीर है और इसमें हॉस्टल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस को शक है कि हॉस्टल मैनेजमेंट इस रैकेट का हिस्सा हो सकती है। पूछताछ करके पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े तमाम लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान कर ली है और वह अभी फरार चल रहा है। पुलिस जांच कर इस रैकेट में शामिल सभी लोगों को पकड़ने की बात कह रही है।
यह भी पढ़ें- हुंडई प्लांट में रेड और 300 कोरियाई मजदूर डिटेन; क्या है पूरा मामला?
होटलों की भी होगी जांच
पुलिस को होटल संचालकों पर भी शक है। पुलिस होटलों की सीसीटीवी फुटेज, रजिस्टर और कमरे बुक कराने वालों की जानकारी खंगाल रही है। आशंका है कि यह मामला रांची के और भी इलाकों में सक्रिय हो सकता है। बता दें कि यह पहला मामला नहीं है जब झारखंड में सेक्स रैकेट का पकड़ा गया हो। इसके पहले 19 अगस्त को झारखंड के हजारीबाग में पुलिस ने बड़ा सेक्स रैकेट पकड़ा था। यहां हाइवे के किनारे छह होटलों पर छापेमारी कर 26 युवक-युवतियों को संदिग्ध स्थिति में हिरासत में लिया गया था। इनमें होटलों के मैनेजर भी शामिल थे। पुलिस अब इस मामले में भी होटलों की भूमिका की जांच कर रही है।