logo

ट्रेंडिंग:

मामूली बात पर हुआ था झगड़ा, मां और बहन के साथ मिलकर पड़ोसी की जान ले ली

लखनऊ में मामूली विवाद ने सूरज गौतम की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। पड़ोस में रहने वाले मोहित ने अपनी मां रंजना और बहन शिवानी के साथ मिलकर हमला किया है।

Youth stabbed to death over nomination dispute

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit: ChatGpt

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement
Group2

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है। एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय सूरज गौतम के रूप में हुई है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले युवक मोहित ने अपनी मां और बहन के साथ मिलकर सूरज पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल सूरज को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी बहन को हिरासत में ले लिया है।

 

यह घटना लखनऊ दुबग्गा क्षेत्र के बेगरिया इलाके की है। सूरज गौतम एक प्राइवेट फर्म में काम करता था। बताया जा रहा है कि मोहल्ले में रहने वाले मोहित से किसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई थी। यह विवाद धीरे-धीरे बढ़ गया और बाद में हिंसक झड़प में बदल गया।

 

यह भी पढ़ें: आपस का झगड़ा था, पति ने पत्नी को 8 गोलियां मारीं और फरार हो गया

मारपीट के दौरान चाकू से हमला

मृतक के पिता राजेंद्र गौतम के अनुसार, बुधवार शाम करीब पांच बजे वह अपने घर के सामने सड़क पर मोहल्ले के निशु नाम के युवक से बात कर रहे थे। तभी गांव का रहने वाला मोहित मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। राजेंद्र ने जब उसे ऐसा करने से मना किया तो वह मोटरसाइकिल से उतर गया और हाथापाई शुरू कर दी। परिजन का कहना है कि इससे पहले भी मोहित कई बार विवाद कर चुका था।

 

विवाद बढ़ने पर मोहित की मां रंजना और उसकी बहन शिवानी भी मौके पर पहुंच गईं। आरोप है कि तीनों ने मिलकर राजेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान शोर सुनकर राजेंद्र का बेटा सूरज गौतम वहां आ गया और बीच-बचाव करने लगा। बताया जा रहा है कि इसी दौरान मोहित की बहन शिवानी घर के अंदर गई और वहां से चाकू लेकर आई। आरोप है कि शिवानी ने सूरज पर कई बार चाकू से वार कर दिए। 

 

यह भी पढ़ें: गाय का मुंह पकड़कर खोल दिया और पिला दी शराब, वायरल वीडियो पर भड़के लोग

 

अचानक हुए इस हमले में सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया और जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत सूरज को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया और इलाके में भी तनाव का माहौल बना हुआ है।

हत्या का केस दर्ज

दुबग्गा थाना प्रभारी श्रीकांत राय ने बताया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी बहन शिवानी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मुख्य आरोपी मोहित और उसकी मां की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


और पढ़ें