logo

ट्रेंडिंग:

निक्की मर्डर केस: दहेज हत्या के इस मामले पर हंगामा क्यों, पूरी कहानी

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक महिला को ससुराल वालों ने कथित तौर पर जिंदा जला दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Greater Noida Murder

पीड़िता निक्की, Photo Credit: Social Media

उत्तर प्रदेश  के ग्रेटर नोएडा में दहेज उत्पीड़न का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जहां दहेज के लिए पत्नी को जिंदा जला दिया गया है। यह घटना कासना थाना क्षेत्र के सिरसा गांव की है। 28 साल की निक्की को उसके पति और ससुराल वालों ने कथित तौर पर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। 21 अगस्त की रात हुई इस घटना के बाद अस्पताल ले जाते समय निक्की की मौत हो गई। इस मामले की डरा देने वाले कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। एक वीडियो में निक्की का छोटा बेटा कह रहा है, 'पापा ने चांटा मारा फिर लाइटर से आग लगा दी।'

 

पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक महिला के साथ उसके ससुराल वालों ने कथित तौर पर मारपीट की, उसके बाल पकड़कर घसीटा और उसकी बहन और बेटे के सामने उसे आग लगा दी। गुरुवार को हुई इस घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने कहा, 'मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।' इस घटना के बाद आस-पास के लोगों में गुस्सा दिखा। स्थानीय लोगों ने पुलिस थाने का घेराव भी किया। 

क्या बोला बेटा?

इस घटना के बाद पीड़िता की बहन और उसके बेटे का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पीड़िता की बहन रोते हुए घटना के बारे में बता रही है। पीड़िता के बेटे ने कहा, 'मेरी मम्मी के ऊपर कुछ डाला, फिर उनको चांटा मारा फिर लाइटर से आग लगा दी।'

 

इस भयावह घटना के दो वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में, एक पुरुष और एक महिला पीड़िता के साथ मारपीट करते और उसे बालों से घसीटते हुए घर से बाहर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। दूसरे वीडियो में, आग लगने के बाद महिला लंगड़ाते हुए सीढ़ियों से नीचे उतरती हुई दिखाई दे रही है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की बड़ी बहन कंचन ने इस घटना का वीडियो बनाया था। बता दें कि कंचन की शादी भी उसी परिवार में विपिन के भाई से हुई है।

दहेज के लिए की हत्या

पीड़िता की बहन कंचन ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। मीडिया से बात करते हुए कंचन ने दावा किया कि उसकी छोटी बहन की हत्या उसके पति विपिन और ससुराल वालों ने 36 लाख रुपये की दहेज की मांग पूरी न होने पर कर दी। कंचन ने दावा किया कि गुरुवार रात को उसे बुरी तरह पीटा गया और आग लगा दी गई। 

 

उन्होंने कहा, 'हमें पिछले कई दिनों से दहेज के लिए पीटा और प्रताड़ित किया जा रहा था। वे दहेज में 36 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। उन्होंने मेरी बहन के साथ अत्याचार किया।' एक वीडियो में कंचन अपनी बहन के बेटे को गोद में लेकर कह रही हैं, 'उन्होंने उसकी गर्दन और सिर पर मारा और उस पर तेजाब फेंका। हमारे बच्चे भी उसी घर में थे। मैं कुछ नहीं कर सकी। उन्होंने मुझे भी प्रताड़ित किया।'

एक आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) सुधीर कुमार ने कहा, '21 अगस्त को हमें फोर्टिस अस्पताल से फोन आया जिसमें बताया गया कि जलने से घायल एक महिला को भर्ती कराया गया है और उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस तुरंत सफदरजंग अस्पताल के लिए रवाना हुई लेकिन टीम के अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया।'

 

उन्होंने आगे कहा, 'परिवार ने महिला का अंतिम संस्कार कर दिया। पीड़िता की बहन की शिकायत के आधार पर, कासना थाने में पीड़िता के पति और उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपी पति, विपिन को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम बना दी गई हैं। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।'

2016 में हुई थी शादी

निक्की की शादी दिसंबर 2016 में घंघौला गांव में विपिन नाम के युवक से हुई थी और उनका एक छोटा बेटा भी है। इसी घर में उसकी बहन कंचन की भी शादी हुई थी। निक्की के मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही निक्की और कंचन को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता रहा। ससुराल वाले 35 से 36 लाख रुपये दहेज के रूप में मांग रहे थे। मांग पूरी ना होने पर उन दोनों को परेशान किया जाने लगा और आखिरकार निक्की की मौत हो गई। कंचन ने बताया कि उनके ससुराल वाले चाहते थे कि उनकी बहन चली जाए ताकि विपिन की दोबारा शादी हो सके। 

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap