logo

ट्रेंडिंग:

पहले कागज दिखाए, फिर पकड़कर खींचा; दिल्ली की CM रेखा गुप्ता पर हमला

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जन सुनवाई के दौरान एक शख्स ने हमला कर दिया। इसके बाद सीएम को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

rekha gupta

सीएम रेखा गुप्ता। (Photo Credit: PTI)

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह हमला हुआ है। जन सुनवाई के दौरान मिलने आए एक शख्स ने उन पर अचानक हमला कर दिया। इस कारण सीएम गुप्ता के सिर में कुछ चोटें आई हैं। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें रखा गया है। दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बताया कि सीएम गुप्ता की हालत फिलहाल स्थिर है।

 

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर यह हमला तब हुआ, जब वह सिविल लाइंस स्थित अपने आवास पर जन सुनवाई कर रही थीं। इसी दौरान एक शख्स उनके पास आया, उसने कागज दिखाए और फिर उनका हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की। इस धक्का-मुक्की में उनके सिर पर चोट आई है।

जन सुनवाई में क्या हुआ था?

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हर हफ्ते जन सुनवाई करती हैं, जिसमें जनता से उनकी समस्याएं सुनी जाती हैं। बुधवार को भी जन सुनवाई हुई, इसी दौरान उन पर हमला हुआ।

 

 

न्यूज एजेंसी PTI ने पार्टी सूत्रों के हवाले से बताया है कि सीएम रेखा पर हमला करने वाला शख्स लगभग 35 साल का था। जन सुनवाई के दौरान वह पहले सीएम के पास आया, उन्हें कुछ कागजात दिए और फिर हमला कर दिया।

 

प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बताया कि 'जन सुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री जनता से बात कर रही थीं। एक शख्स आता है, कुछ कागज रखता है और हाथ पकड़कर उनको खींचने की कोशिश करता है। उस दौरान धक्का-मुक्की होती है। उनके सिर पर थोड़ी चोट आई है। उसको पकड़ लिया गया है और पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। मुख्यमंत्री की हालत स्थिर है और डॉक्टर उनको देख चुके हैं'

 

 

उन्होंने साफ किया कि पत्थर या थप्पड़ नहीं मारा गया है। उन्होंने बताया कि टेबल का कोना या कुछ उनके सिर पर लगा है। उन्होंने कहा कि राजनीति में इस तरह की घटनाओं का होना निंदनीय है। मैंने सुबह भी कहा है कि सीएम 18-18 घंटे लोगों के बीच में काम करती हैं। इनके स्वभाव में है कि वह जनता से जाकर मिलती हैं और इसका फायदा अपराधी ने उठाने की कोशिश की है।

चश्मदीदों ने क्या बताया?

जन सुनवाई में पहुंचीं अंजली ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, 'यह बहुत गलत हुआ हैजन सुनवाई पर सबका हक हैअगर एक बहरुपिया उनको थप्पड़ मार सकता है तो यह बहुत बड़ी बात है'

 

 

उनसे जब पूछा गया कि जब हमला हुआ था तब वह साथ में थीं? तो उन्होंने कहा, 'मैं बिल्कुल साथ में नहीं थी तो सुनाई नहीं दिया लेकिन हम वहीं थे। वह अपनी कोई बात बता रहा था, बात हो ही रही थी और उन्होंने थप्पड़ मार दिया'

हमला करने वाला गिरफ्तार

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला करने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। दिल्ली सीएमओ ने बयान जारी कर बताया कि जन सुनवाई के दौरान आज एक शख्स ने सीएम रेखा गुप्ता पर हमला किया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

 

कौन है हमलावर?

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला करने वाला गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि उसने अपना नाम राजेश खिमजी बताया है। हालांकि, पुलिस अभी इसे वेरिफाई कर रही है। उसने सीएम पर हमला क्यों किया था? इसकी वजह अब तक सामने नहीं आई है।

 

बीजेपी-कांग्रेस ने क्या कहा?

सीएम गुप्ता पर हमले की बीजेपी और कांग्रेस ने निंदा की है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, 'यह बेहद दुखद है। इस तरह की घटना की जितनी भर्त्सना की जाए, उतनी कम है। साथ ही साथ यह महिला सुरक्षा की पोल भी खोलती है। अगर दिल्ली की मुख्यमंत्री सेफ नहीं है तो एक आम महिला कैसे सेफ रह सकती है?'

 

 

उन्होंने कहा कि 'आज दिल्ली में न सिर्फ महिलाएं, बल्कि कोई भी व्यक्ति सेफ नहीं है। सेफ्टी के लिए लोग दिल्ली में आते हैं लेकिन जिस तरह की दुर्घटना आज रेखा जी के साथ हुई है, उसकी जितनी भर्त्सना की जाए, उतनी कम है। मैं आगाह करना चाहता हूं कि महिला सुरक्षा की तरफ ध्यान देना चाहिए' उन्होंने कहा कि दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर चिंता हो रही है।

 

 

वहीं, दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, 'जन सुनवाई के दौरान जो हमला किया, मैं उसकी निंदा करता हूं। मुख्यमंत्री दिल्ली की दिन रात चिंता करती हैं और यही विरोधियों की साजिश है। उनसे यह बर्दाश्त नहीं होता कि एक मुख्यमंत्री कितने घंटे जनता के बीच में रहता है। यही कारण है कि इसके पीछे कोई राजनीतिक साजिश की बू आ रही है। दिल्ली पुलिस जांच कर रही है। सारे तथ्य सामने आएंगे।'

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap