संजय सिंह, पटना। बिहार के सहरसा जिले में बुधवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां के बनगांव नगर पंचायत के वार्ड संख्या 17 में एक दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया यह मामला घरेलू विवाद के बाद पत्नी की हत्या और बाद में पति के आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
दिल्ली में मजदूरी करता था पति
मृतकों की पहचान बनगांव थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 17 निवासी 40 वर्षीय रमण खां और उनकी 38 वर्षीय पत्नी सोनी देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमण खां दिल्ली में मजदूरी का काम करता था, जबकि सोनी देवी गृहिणी थी। दंपति के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल है। माता-पिता की अचानक हुई मौत से बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची
घटना की जानकारी बुधवार की सुबह उस समय मिली जब स्थानीय लोगों ने घर में दंपति को अचेत अवस्था में देखा। इसके बाद बनगांव थानाध्यक्ष को फोन कर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से सबूतों को जुटाया।
यह भी पढ़ें: 'परनाना से पिताजी तक बड़े नेता थे लेकिन', राहुल गांधी पर क्या बोल गए अमित शाह?
घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक और सनसनी का माहौल है। आसपास के लोग इस घटना से बेहद हैरान हैं। पड़ोसियों का कहना है कि दंपति सामान्य जीवन जी रहे थे और बाहर से देखने पर ऐसा कभी नहीं लगा कि उनके बीच इतना बड़ा विवाद हो सकता है। पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
अधिकारियों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले घर में क्या हुआ था। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर घरेलू विवादों के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है। वहीं तीनों मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ जाने से पूरा इलाका गमगीन हो गया है।
यह भी पढ़ें: भारत से पहले किन देशों में दी जा रही है इच्छामृत्यु? शर्तें भी जान लीजिए
क्या बोले अधिकारी?
एसडीपीओ ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह प्रतीत होता है कि पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद हुआ था। परिजनों के अनुसार दोनों के बीच करीब दो दिन पहले कहासुनी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते रमण खां ने पहले पत्नी सोनी देवी की हत्या कर दी और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एफएसएल की टीम घटनास्थल से सबूत जुटा रही है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल इसे घरेलू विवाद से जुड़ा मामला माना जा रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है।