भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सीनियर पुरुष टीम के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर के कार्यकाल को बढ़ाने का फैसला किया है। उनका मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट इस साल खत्म होने वाला था लेकिन अब बोर्ड उन्हें जून 2027 तक इस पद पर बनाए रखने की तैयारी में है। यानी अगरकर अब 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक टीम इंडिया के चयन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
एक BCCI अधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, 'अगरकर के कार्यकाल में टीम का ट्रांजिशन काफी स्मूद रहा और बड़े फैसले लेने में भी कोई हिचक नहीं दिखी। बोर्ड को लगा कि उन्हें आगे भी जारी रखना चाहिए। BCCI के अधिकारी IPL मैचों के दौरान उनसे बात करेंगे और आगे की जानकारी देंगे।'
अगरकर ही क्यों रहेंगे टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर?
यह फैसला हैरान करने वाला नहीं है, क्योंकि अजीत अगरकर के कार्यकाल में टीम इंडिया ने खासतौर पर व्हाइट-बॉल क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी अगुवाई में भारत ने ICC ट्रॉफी का सूखा खत्म किया और टीम में युवाओं को मौका देकर एक मजबूत और संतुलित स्क्वॉड तैयार किया।
- अजीत अगरकर ने जुलाई 2023 में चीफ सेलेक्टर का पद संभाला था। उस समय टीम बदलाव के दौर से गुजर रही थी लेकिन उन्होंने टीम को सही दिशा में आगे बढ़ाया। उनके कार्यकाल में भारत वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल तक पहुंचा। इसके बाद टीम ने 2024 और 2026 में लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप जीते और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 भी अपने नाम की।
- अजीत अगरकर ने चयन के दौरान कई बड़े और साहसी फैसले लिए। उन्होंने टी20 टीम की कप्तानी के लिए हार्दिक पांड्या की जगह सूर्यकुमार यादव को मौका दिया। यह फैसला रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ से सलाह लेकर लिया गया था। इसके अलावा टेस्ट और वनडे टीम में शुभमन गिल को जल्दी कप्तानी सौंपकर उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने की रणनीति अपनाई गई।
- BCCI अब टीम में स्थिरता बनाए रखना चाहता है और इसी वजह से अगरकर को एक्सटेंशन दिया जा रहा है। नए सेलेक्टर्स जैसे आरपी सिंह और प्रज्ञान ओझा के साथ मिलकर वह आगे भी टीम को मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे।
अगरकर के कार्यकाल का ट्रैक रिकॉर्ड
अजीत अगरकर के कार्यकाल में भारतीय टीम ने 152 मैच खेले हैं। इस दौरान टीम इंडिया ने 105 मैच जीते और 36 मैच हारे हैं। वहीं 4 मैच टाई रहा, 3 मैच ड्रॉ रहा और 4 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला। उनके कार्यकाल के दौरान भारतीय टीम का जीत प्रतीशत 2.916 रहा।