ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने में नाकाम रही पाकिस्तानी टीम बांग्लादेश के हाथों भी पिट गई है। बांग्लादेश दौरे पर 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलने गई पाकिस्तान टीम 1-2 से सीरीज हार गई है। इस सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला रविवार (15 मार्च) को खेला गया, जिसमें पाकिस्तान को 291 रन का टारगेट मिला था। इसके जवाब में पाक टीम सलमान अली आगा (106) और कप्तान शाहीन शाह अफरीदी (37) की पारियों के बावजूद 279 रन तक ही पहुंच सकी और 11 रन से मुकाबला और सीरीज गंवा बैठी।
पाकिस्तान की इस सीरीज हार के बाद पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने सेलेक्शन कमिटी को आड़े हाथों लिया है। अफरीदी कहना है कि 'सर्जरी' के नाम पर बाबर आजम जैसे सीनियर खिलाड़ियों को बाहर कर दिया गया और नए खिलाड़ियों को टीम में जगह दी गई। इन खिलाड़ियों के पास फर्स्ट क्लास क्रिकेट का पर्याप्त अनुभव नहीं है कि इन्हें पाकिस्तान टीम में चुना जाएगा। साथ ही अफरीदी ने अपने दामाद शाहीन को भी लपेटते हुए कहा कि सेलेक्शन कमिटी को ये भी नहीं पता है कि किस फॉर्मेट में किसे कप्तान बनाया जाना चाहिए।
इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप के दौरान अफरीदी ने शाहीन की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि शाहीन को टीम से बाहर कर देना चाहिए। अब उन्होंने उनको वनडे कप्तान बनाए जाने पर सवाल उठाया। अफरीदी ने साथ ही पाकिस्तान के घरेलू क्रिकेट को भी खराब स्तर का बताया।
यह भी पढ़ें: चिन्नास्वामी में खेले जाएंगे RCB के मैच, सरकार ने KSCA को दी हरी झंडी
पाक की हार पर भड़के अफरीदी
शाहिद अफरीदी ने पाकिस्तान के लगातार लचर प्रदर्शन पर कहा, 'आपने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में प्रदर्शन देखा और उसके बाद बांग्लादेश से हम 1-2 से हार गए। मेरे हिसाब से सेलेक्शन कमिटी आलोचना की हकदार है। कमेटी में मौजूद सभी लोगों ने काफी क्रिकेट खेला है, इसके बावजूद उनको इस बारे में नहीं पता कि किसको, किस फॉर्मेट का कप्तान बनाया जाना चाहिए।'
उन्होंने आगे कहा, 'आप सर्जरी के नाम पर बार-बार फैसले लेते रहे हो। आप युवा खिलाड़ियों और ऐसे खिलाड़ियों को चुन रहे हैं जिन्होंने मुश्किल से कुछ ही फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं। आपके घरेलू क्रिकेट का लेवल भी इतना अच्छा नहीं है कि वह लगातार ऐसे खिलाड़ी तैयार कर सके जो पाकिस्तान टीम में अपनी जगह पक्की कर सकें।'
यह भी पढ़ें: 'मुझसे भी गलतियां...' कोहली-रोहित संग रिश्तों पर क्या बोले गौतम गंभीर?
'सेलेक्शन कमिटी में सर्जरी की जरूरत'
अफरीदी ने कहा, 'सीनियर खिलाड़ी जो सही मायनो में टीम में जगह पाने के हकदार थे। भले ही उनका टी20 परफॉर्मेंस उतना अच्छा न रहा हो लेकिन उनका वनडे में रिकॉर्ड बहुत अच्छा था। मगर सर्जरी के नाम पर आपने इन अनुभवी खिलाड़ियों को उनके शानदार वनडे प्रदर्शन के बावजूद टीम से बाहर कर दिया।'
उन्होंने आगे कहा, 'इसके बजाय आपने ऐसे युवा खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है, जिन्होंने घरेलू और फर्स्ट क्लास के कुछ ही मैच खेले हैं। हमारे घरेलू क्रिकेट का लेवल उतना ऊंचा नहीं है और ये खिलाड़ी सीधे पाकिस्तान टीम में आकर अपनी जगह पक्की करने के लिए तैयार नहीं हैं। आप बार-बार नए खिलाड़ियों को मौका देते रहते हैं। यह कोई सर्जरी नहीं है। असल में सेलेक्शन कमिटी में सर्जरी करने की जरूरत है।'