logo

मूड

ट्रेंडिंग:

IPL की छवि खराब नहीं होने देंगे... वेपिंग कांड पर नरम नहीं पड़ा BCCI, फंस गई RR

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि राजस्थान रॉयल्स पर कार्रवाई करेंगे। उन्होंने साफ-साफ शब्दों में कहा कि IPL की छवि को नुकसान न हो, इसके लिए ऐक्शन लेंगे।

BCCI secretary Devajit Saikia

BCCI सचिव देवजीत सैकिया, Photo Credit: Screengrab via BCCI Women/X

शेयर करें

google_follow_us
Advertisement

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को चेतावनी देते हुए बड़ा बयान दिया है। सैकिया ने कहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की छवि पर बुरा असर असर नहीं पड़े, इसके लिए ऐक्शन लेंगे। उन्होंने शनिवार (2 मई) को BCCI हेडक्वार्टर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि खिलाड़ियों और अधिकारियों को IPL की छवि बनाए रखने के लिए तय अनुशासन का पालन करना चाहिए। BCCI नियमों का उल्लंघन करने वाली पक्षों पर लगाम कसने के लिए और भी कड़े उपायों पर विचार कर रही है। 

 

सैकिया का यह बयान RR के कप्तान रियान पराग और टीम मैनेजर रोमी भिंडर पर IPL 2026 के दौरान दो अलग-अलग घटनाओं के लिए जुर्माना लगाए जाने के ठीक बाद आया है। सैकिया ने अपने बयान में कहा, 'प्रेस रिलीज में हमने बहुत साफ तौर पर कहा है कि हम उन टीमों पर लगाम कसने के लिए कुछ अन्य विकल्पों पर विचार कर रहे हैं, जो नियमों का उल्लंघन कर रही हैं। हम कुछ कार्रवाई करेंगे और हम IPL के विभिन्न नियमों और शर्तों और प्रोटोकॉल पर विचार कर रहे हैं कि टीमों को कैसा व्यवहार करना चाहिए।'

 

यह भी पढ़ें: 'दिन छोड़िए, पूरा सीजन ही खराब जा रहा...' मुंबई इंडियंस की हार से टूटे पंड्या

'हम कार्रवाई करेंगे...'

रियान पराग ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करते दिखे थे। इसके बाद मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और साथ ही उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया। वहीं भिंडर पर PMOA प्रोटोकॉल के उल्लंघन के लिए एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। भिंडर ने RR के डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया था। 

 

सैकिया ने कहा, 'यह सिर्फ उनके खिलाड़ी या कोई अधिकारी ही नहीं हैं। एक टीम के तौर पर उन्हें एक निश्चित अनुशासन बनाए रखना होगा ताकि IPL की छवि पर कभी भी बुरा असर नहीं पड़े। यह सुनिश्चित करने के लिए हमें कोई फैसला लेना होगा और हम कुछ कार्रवाई करेंगे।' पराग के खिलाफ ऐक्शन लेते हुए बोर्ड ने अपने ईमेल में कहा था, 'BCCI नियमों का उल्लंघन करने वाली टीम, उसके अधिकारियों और खिलाड़ियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू करने के लिए अन्य विकल्पों पर भी विचार कर रहा है।' 

 

यह भी पढ़ें: कभी पावरप्ले में मैच जीता देते थे ट्रेंट बोल्ट, अब एक अदद विकेट के लिए तरसे

 

सैकिया से जब पूछा गया कि क्या पंजाब पुलिस ने BCCI से संपर्क किया है? यह सवाल इसलिए उनके सामने रखा गया, क्योंकि देश में 'इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम 2019' के तहत वेपिंग पूरी तरह से बैन है। इस सवाल के जवाब में सैकिया ने कहा, 'नहीं। ऐसी कोई स्थिति नहीं है।'


और पढ़ें