राहुल चाहर ने अपनी पत्नी ईशानी जौहर से तलाक ले लिया है। टीम इंडिया के लिए 7 मैच खेल चुके इस क्रिकेटर ने सोशल मीडिया पर एक नोट शेयर करते हुए कहा कि उन्होंने बहुत कम उम्र में शादी की थी। उस समय वह खुद को और अपने जीवन की दिशा को पूरी तरह से नहीं समझ पाए थे और अब वह इस रिश्ते को क्लियरिटी के साथ खत्म कर रहे हैं। राहुल और ईशानी की शादी 9 मार्च 2022 को हुई थी।
राहुल ने बताया कि वह पिछले 15 महीने से कोर्ट के चक्कर लगा रहे थे। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ईशानी से उनका रिश्ता औपचारिक रूप से समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि कुछ रिश्ते सिखाने और इंसान को बदलने वाले होते हैं।
यह भी पढ़ें: 33 करोड़ घंटे... भारत-पाकिस्तान मैच ने तोड़ डाले व्यूरशिप के सारे रिकॉर्ड
'कभी कल्पना नहीं की...'
राहुल ने अपने सोशल मीडिया नोट में कहा, 'मैंने कम उम्र में शादी की, उस वक्त मैं खुद को, अपनी अहमियत को या उस जीवन को पूरी तरह नहीं समझ पाया था जिसे मैं बनाना चाहता था। इसके बाद ऐसे साल आए, जिन्होंने मुझे वे सबक सिखाए जिनकी मैंने कभी कल्पना नहीं की थी। पिछले पंद्रह महीने कोर्टरूम के चक्कर लगाते हुए गुजरे, जहां मैंने धैर्य, सहनशीलता और सच की ताकत सीखी।'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं इस चैप्टर को गुस्से या पछतावे के साथ नहीं, बल्कि क्लियरिटी के साथ बंद कर रहा हूं। कुछ रिश्ते हमेशा के लिए नहीं होते, वे हमें जगाने, सिखाने और बदलने के लिए होते हैं। अब मैं पहले से ज्यादा समझदार, जागरूक और उस जीवन को लेकर निश्चित हूं, जिसे मैं बनाना चाहता हूं।' राहुल ने यह कहते हुए अपनी बात खत्म की कि यह अंत नहीं बल्कि रीसेट है।
यह भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा को ड्रॉप करे टीम इंडिया, फिर दूर हो जाएंगी सारी परेशानियां!
IPL 2026 में CSK के लिए खेलेंगे राहुल
26 साल के राहुल ने 2019 से 2021 के बीच भारतीय टीम के लिए 6 टी20I और एक वनडे इंटरनेशनल मुकाबले खेले, जिसमें उन्होंने कुल 10 विकेट झटके। वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में लगातार हिस्सा लेते रहे हैं। उन्होंने 79 IPL मैचों में 75 विकेट चटकाए हैं। राहुल आगामी IPL सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की ओर से खेलेंगे। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 5 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदा है।