logo

मूड

ट्रेंडिंग:

कोहली-पडिक्कल के सामने गुजरात टाइटंस पस्त, पॉइंट्स टेबल में नंबर-2 बनी RCB

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर पॉइंट्स टेबल में फिर से दूसरे स्थान पर कब्जा जमा लिया है। विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने आतिशी अर्धशतकीय पारियां खेली।

Kohli vs GT IPL 2026 RCB

अर्धशतक लगाने के बाद विराट कोहली, Photo Credit: IPL/X

शेयर करें

google_follow_us
Advertisement

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 34वां मुकाबला शुक्रवार (24 अप्रैल) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला गया। इस मुकाबले में RCB ने 5 विकेट से जीत दर्ज कर पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर कब्जा जमा लिया। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में GT ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर साई सुदर्शन (100) के शतक की मदद से 205 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था, जिसे RCB ने 18.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। 

 

RCB की ओर से विराट कोहली ने 44 गेंद में 81 रन की धुआंधार पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। देवदत्त पडिक्कल ने 27 गेंद में 55 रन जड़े। उनके बल्ले से 2 चौके और 6 छक्के निकले।

 

यह भी पढ़ें: साई सुदर्शन ने RCB को जमकर धोया, क्रिस गेल का महारिकॉर्ड ध्वस्त

जल्दी जीतने के प्रयास में फंस गई थी RCB

रन चेज में विराट कोहली को पहली ही गेंद पर जीवनदान मिला। मोहम्मद सिराज ने उन्हें मिडविकेट पर लपकवा दिया था लेकिन वॉशिंगटन सुंदर ने आसान कैच टपका दिया। सिराज ने अपने अगले ओवर में जैकब बेथेल (14) को आउट कर GT को पहली सफलता दिलाई। हालांकि इससे मेहमान टीम को राहत नहीं मिली। पडिक्कल ने आते ही धुआंधार बैटिंग कर उसे बैकफुट पर डाल दिया। कोहली भी खुलकर खेलने लगे। पडिक्कल ने 20 गेंद में पचासा ठोका। वहीं कोहली ने 30 गेंद में अर्धशतक जमाया। पडिक्कल-कोहली के क्रीज पर रहते RCB आसानी से जीतती दिख रही थी लेकिन लगातार ओवरों में दोनों के आउट होते ही कहानी बदल गई।

 

जितेश शर्मा (10) और रजत पाटीदार (8) ने आते ही बड़े शॉट खेले लेकिन ये भी जल्दी-जल्दी पवेलियन लौट गए। देखते ही देखते 173 के स्कोर पर RCB की आधी टीम सिमट गई। उसे अभी भी जीत के लिए 27 गेंद में 33 रन चाहिए थे। मैच लग रहा था कि फंस जाएगा। मगर क्रुणाल पंड्या ने 12 गेंद में नाबाद 23 रन ठोककर उसे आसानी से जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। टिम डेविड 9 गेंद में 10 रन बनाकर नाबाद लौटे। GT की ओर से राशिद खान ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। वह सबसे महंगे भी रहे। उन्होंने 4 ओवर में 49 रन लुटाए। सिराज, जेसन होल्डर और मानव सुथार को एक-एक सफलता मिली।

 

यह भी पढ़ें: अब फंस रही है RCB, जैकब बेथेल के लिए शेफर्ड को बाहर करेंगे फ्लावर?

डेथ ओवर्स में धीमी बल्लेबाजी GT को ले डूबी

GT की टीम 15 ओवर में 170 रन बना चुकी थी और उसके सिर्फ 2 ही विकेट गिरे थे। वह आराम से 220 के पार जाती दिख रही थी लेकिन अगले 3 ओवर में कोई बाउंड्री नहीं आए और 200 रन तक पहुंचने के भी लाले पड़ गए थे। होल्डर ने क्रुणाल पंड्या के खिलाफ आखिरी ओवर में 2 छक्के और एक चौका लगाकर टीम को 200 के पार पहुंचाया, जो नाकाफी साबित हुआ। GT की ओर से शतकवीर सुदर्शन समेत सभी बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे लेकिन होल्डर को छोड़कर किसी का स्ट्राइक रेट 200 के करीब नहीं गया, जिससे टीम विशाल स्कोर खड़ा नहीं कर पाई और उसे करारी हार झेलनी पड़ी।


और पढ़ें