logo

मूड

ट्रेंडिंग:

KKR ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हराया, रोमांचक हुई प्लेऑफ की रेस

IPL 2026 के 65वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ KKR ने अपनी प्लेऑफ की उम्मीदें कायम रखी हैं।

KKR Team vs MI IPL 2026

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाड़ी, Photo Credit: IPL/X

शेयर करें

google_follow_us
Advertisement

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 65वां मुकाबला बुधवार (20 मई) को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला गया। कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डंस स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में MI ने 148 रन का टारगेट रखा था, जिसे KKR ने 18.5 ओवर में 6 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। इस जीत के साथ KKR ने अपनी प्लेऑफ की उम्मीदें कायम रखी हैं।

 

KKR की जीत की नींव गेंदबाजों ने रखी। कैमरन ग्रीन और सौरभ दुबे ने पावरप्ले में 2-2 विकेट लेकर MI के बल्लेबाजी क्रम को झकझोरा और फिर मिडिल ओवर्स में सुनील नारायण ने किफायती गेंदबाजी करते हुए हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली टीम को चोक कर दिया। नारायण ने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 13 रन खर्चे और पंड्या को चलता किया। आठवें नंबर पर उतरे कॉर्बिन बॉश ने 18 गेंद में नाबाद 32 रन की पारी खेल MI को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया लेकिन यह नाकाफी था।

 

यह भी पढ़ें: जिद या मजबूरी? KKR ने अजिंक्य रहाणे के लिए कुर्बान कर दिया 3 करोड़ी प्लेयर

पॉवेल-पांडे ने लगाई KKR की नैया पार

छोटे टारगेट का पीछा करने उतरी KKR ने पहले ही ओवर में आक्रामक ओपनर फिन एलन (8) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे (21) ने मनीष पांडे के साथ मिलकर टीम का स्कोर 50 के करीब पहुंचाया लेकिन वह पावरप्ले के आखिरी ओवर में कॉर्बिन बॉश का शिकार बन गए। कैमर ग्रीन (4) भी सस्ते में आउट हुए। KKR का स्कोर 54/3 पर हो चुका था और पिच को देखते हुए MI की टीम हावी लग रही थी लेकिन मनीष पांडे ने रोवमन पॉवेल के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और 64 रन की साझेदारी कर KKR को मुश्किल से निकाल लिया। 

 

मनीष पांडे ने 33 गेंद में 45 रन की पारी खेली। उनके आउट होने के तुरंत बाद पॉवेल (40) भी चलते बने, जिससे KKR की पारी थोड़ी धीमी हो गई और वह 19वें ओवर में जाकर जीती। रिंकू सिंह (नाबाद 9 रन) ने विनिंग चौका लगाया। मनीष पांडे को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। कॉर्बिन बॉश ने 3 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट लिए।

 

यह भी पढ़ें: कब से शुरू हो रही है रणजी ट्रॉफी? BCCI ने जारी किया शेड्यूल

KKR के लिए अब ऐसे बनेगी बात

3 बार की चैंपियन KKR की टीम 13 मैचों में 13 पॉइंट्स के साथ टेबल में छठे पायदान पर आ गई है। उसका आखिरी मुकाबला रविवार को दिल्ली कैपिटल्स से है, जो मौजूदा सीजन का अंतिम लीग मैच भी है। इस दिन दोपहर के मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीम MI से भिड़ेगी। अगर RR यह मैच जीत जाती है, तो KKR की उम्मीदें ध्वस्त हो जाएंगी। KKR को दुआ करनी होगी कि RR हार जाए। अगर शनिवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ पंजाब किंग्स जीत गई रहती है तो KKR को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी, तभी वह नेट रन रेट के मामले में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम को पछाड़ टॉप-4 में फिनिश कर पाएगी।


और पढ़ें