इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का आगामी सीजन 28 मार्च से शुरू हो रहा है। उद्घाटन मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है। IPL यह सीजन भी अनकैप्ड खिलाड़ियों के नाम रह सकता है। दुनिया की इस सबसे बड़ी क्रिकेट लीग ने सीजन दर सीजन गुमनाम खिलाड़ियों को स्टार बनाया है। इस बार भी कुछ ऐसे खिलाड़ी उतर रहे हैं, जो IPL के मंच से अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं। पढ़िए उन 5 अनकैप्ड खिलाड़ियों के बारे में, जिन पर सबसे ज्यादा नजरें रहने वाली हैं।
आकिब नबी डार
जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी डार को दिल्ली कैपिटल्स ने 8.4 करोड़ रुपये में खरीदा है। आकिब बेहतरीन फॉर्म से गुजर रहे हैं। उन्होंने हाल ही में रणजी ट्रॉफी में 60 विकेट लेकर जम्मू-कश्मीर को चैंपियन बनाया था। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकिब व्हाइट बॉल क्रिकेट में भी अपना जौहर दिखा चुके हैं। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में 7 मैचों में 15 विकेट लिए थे। वह गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने के अलावा लोअर ऑर्डर में बहुमूल्य रन भी जुटा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: कैमरन ग्रीन को 25 करोड़ में क्यों खरीदा... KKR को CSK दिग्गज की खरी-खरी
प्रशांत वीर
उत्तर प्रदेश के लेफ्ट आर्म स्पिन ऑलराउंडर प्रशांत वीर पिछले साल नवंबर में हुए ऑक्शन में काफी डिमांड में रहे थे। उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 14.2 करोड़ रुपये की भारी भरकम राशि में अपने साथ जोड़ा। रवींद्र जडेजा की जगह को भरने के लिए CSK ने प्रशांत पर बड़ी बोली लगाई थी। प्रशांत यूपी टी20 लीग से निकले हैं। उन्होंने यूपी की इस लीग में 370 रन बनाने के साथ 8 विकेट झटके। साथ ही ऑक्शन से पहले उन्होंने यूपी के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया था, जिससे उनके ऊपर कई फ्रेंचाइजियों की नजरें थीं।
कार्तिक शर्मा
राजस्थान के विकेटकीपर बल्लेबाज कार्तिक शर्मा के लिए भी CSK ने अपनी तिजोरी खोल दी थी। 'सिक्स हिटिंग मशीन' कार्तिक को CSK ने 14.2 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। इस तरह प्रशांत और कार्तिक IPL इतिहास के दो सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बने। 19 साल के कार्तिक मिडिल ओवर्स में आकर बाजी पलट सकते हैं। उन्होंने अपने टी20 करियर में अब तक 162.92 की औसत से रन बनाए हैं। वह 12 मैचों में 28 छक्के जड़ चुके हैं।
यह भी पढ़ें: 15 साल की उम्र... T20I डेब्यू मैच में शतक ठोक इस खिलाड़ी ने कौन सा इतिहास रचा?
अशोक शर्मा
राजस्थान के अशोक शर्मा ने SMAT 2025 में कहर बरपा दिया था। उन्होंने 10 मैच में 22 विकेट झटक सुर्खियां बटोरी थीं। हालांकि SMAT के दौरान हुई IPL निलामी में उनके लिए उतनी बड़ी बोली नहीं लगी, जितनी की उम्मीद की जा रही थी। उन्हें गुजरात टाइटंस ने 90 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। लगातार 140 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंद डालने वाले इस तेज गेंदबाज को मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा का बैकअप माना जा रहा है। अगर उन्हें मौका मिलता है तो वह SMAT की तरह IPL में भी कमाल दिखा सकते हैं। बता दें कि अशोक IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स (2022) और राजस्थान रॉयल्स (2025) का भी हिस्सा रह चुके हैं। हालांकि उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला है।
मंगेश यादव
23 साल मंगेश यादव के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने 5 करोड़ 20 लाख रुपये की बोली लगकर सबको चौंका दिया था। मध्य प्रदेश के इस ऑलराउंडर ने घरेलू क्रिकेट में अब तक 5 ही मैच खेले हैं, जिसमें गेंद और बल्ले से अपनी काबिलियत साबित कर दी है। मंगेश ने SMAT में पंजाब के खिलाफ आठवें नंबर पर आकर 12 गेंद में नाबाद 28 रन ठोके थे। इससे पहले मध्य प्रदेश टी20 लीग में उन्होंने 6 मैचों में 14 विकेट झटक RCB के कप्तान रजत पाटीदार को आकर्षित किया था। मंगेश डेथ ओवर्स में सटीक यॉर्कर डालने में माहिर हैं। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज को यश दयाल का रिप्लेसमेंट माना जा रहा है।