ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो चुकी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने आखिरी ग्रुप मैच में रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में ओमान को 104 रन पर ऑलआउट करने के बाद कंगारू टीम ने 9.4 ओवर में ही टारगेट हासिल कर लिया। यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का संयुक्त रूप से सबसे तेज 100 प्लस टारगेट चेज है। इंग्लैंड ने पिछले एडिशन में अमेरिका के खिलाफ 116 रन के लक्ष्य को इतने ही ओवर में हासिल किया था।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान मिचेल मार्श ने 33 गेंद में 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 64 रन की पारी खेली। उन्होंने ट्रेविस हेड के साथ पहले विकेट के लिए 8.1 ओवर में 93 रन की पार्टनरशिप की। हेड ने 19 गेंद में 32 रन बनाए, जिसमें 6 चौके शामिल रहे। जोश इंग्लिस ने 6 गेंद में नाबाद 12 रन बनाए। उन्होंने विनिंग चौका लगाया।
यह भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: अब शुरू होगी सुपर-8 की जंग, रन बनाने में कौन सबसे आगे है?
संतोषजनक जीत के साथ घर लौटी कंगारू टीम
कंगारू टीम ने आयरलैंड को 67 रन से हराकर अपने अभियान को जोरदार आगाज किया था लेकिन इसके बाद वह जिम्बाब्वे और श्रीलंका से हार गई और उसके लिए सुपर-8 के दरवाजे बंद हो गए थे। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई टीम ओमान के खिलाफ मिली इस संतोषजनक जीत के साथ घर लौटी।
यह भी पढ़ें: 'कम उम्र में शादी...' क्रिकेटर राहुल चाहर का तलाक, सोशल मीडिया पर बयां किया दर्द
जाम्पा ने झटके 4 विकेट
मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर ओमान को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। जेवियर बार्टलेट ने पहली ही गेंद पर आमिर कलीम को क्लीन बोल्ड कर ओमान की शुरुआत खराब कर दी। बार्टलेट ने इसके बाद ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह का भी स्टंप उखाड़ा। पावरप्ले में जहां बार्टलेट और नाथन एलिस ने कहर बरपाया, वहीं मिडिल ओवर्स में एडम जैम्पा का जादू चला। जाम्पा ने 3.2 ओवर में 21 रन देकर 4 विकेट लेकर ओमान की पारी ढेर कर दी। ग्लेन मैक्सवेल ने भी 2 विकेट चटकाकर उनका अच्छा साथ निभाया। ओमान की ओर से सबसे ज्यादा रन वसीम अली (32) ने बनाए।
ओमान की टीम इस टी20 वर्ल्ड कप से भी खाली हाथ लौटी। उसने अपने चारों मैच गंवा दिए। नामीबिया और कनाडा की टीमें भी इस टी20 वर्ल्ड कप में एक भी जीत नहीं दर्ज कर सकी।