logo

ट्रेंडिंग:

कहीं तबाही कहीं गर्मी से राहत, देशभर में मौसम का हाल जानिए

देशभर में मानसून अभी सक्रिय है। कल दिल्ली-एनसीआर समेत कई जगह बारिश हुई। आज भी देश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।

weather Forecast

बारिश, Photo Credit: PTI

देशभर में मानसून का दौर जारी है। दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई हिस्सों में आज भी बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर तो रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। बिहार महाराष्ट्र जैसे राज्यों में आज भारी बारिश हो सकती है, जिसके कारण बाढ़ और जलभराव का खतरा बढ़ गया है। राजस्थान, गुजरात में भी आने वाले कुछ दिनों में भारी बारिश होने की संभावना है। हिमाचल-उत्तराखंड जैसे राज्यों में बारिश के कारण इस मानसून भारी तबाही देखने को मिली है और आने वाले कुछ दिनों में इन राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। 

 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले कई दिनों से उमस भरा मौसम था लेकिन शनिवार शाम हुई बारिश से दिल्ली वालों को थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, आज रविवार को हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी का दौर जारी रह सकता है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। नोएडा गाजियाबाद में भी कल बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवा और गरज-चमक के साथ आज भी बारिश होने की संभावना है। नोएडा-एनसीआर में बारिश के चलते तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।

राजस्थान में बाढ़ के हालात

राजस्थान में लगातार हो रही बरसात से कई जिलों में बाढ़ के हालात है। आज सभी जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, कोटा-बूंदी में रेड अलर्ट है। हाड़ौती के जिलों में बिगड़ती स्थिति के चलते सेना को रेस्क्यू में लगाया गया है। बीसलपुर, कोट बैराज जैसे कई बड़े बांधों के गेट फिर से खोले गए हैं। राजधानी जयपुर में शनिवार पूरा दिन लगातार बारिश होती रही, जिससे जगह-जगह जाम लगा रहा। मौसम विभाग के अनुसार,  भारी बारिश का यह दौर 25 अगस्त तक जारी रह सकता है।

 

मध्यप्रदेश की बात करें तो यहां भी तेज बारिश का दौर जारी है। शनिवार को शिवपुरी, डिंडौरी, शाजापुर समेत 20 जिलों में बारिश हुई। ऐसा ही मौसम आज भी बना रहेगा। मौसम विभाग ने ग्वालियर-श्योपुर समेत 16 जिलों में बहुत भारी या भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड-हिमाचल में बारिश का कहर

उत्तराखंड में मानसून आफत बनकर आया है। कुछ दिन पहले ही उत्तरकाशी के धराली में बादल फटा था और अब चमोली जिले के थराली कस्बे में तेज बारिश के कारण आई भीषण बाढ़ से काफी नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने बादल फटने की बात कही है। इन दोनों जगहों पर भारी तबाही हुई। राज्य में कई सड़कें बंद हो गई हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, रूद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, अल्मोड़ा और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी की है। मौसम विभाग की मानें तो अभी कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है। 

 

हिमाचल प्रदेश में भी मानसून का कहर जारी है। बारिश के कारण राज्य में कई सड़कें बंद हैं। मौसम विभाग के अनुसार,  रविवार से मंगलवार तक हिमाचल के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस मानसून में अब तक राज्य में 75 बार बाढ़, बादल फटने की 39 और भूस्खलन की 74 घटनाएं होने से भारी नुकसान हुआ है।

हरियाणा में रेड अलर्ट

हरियाणा में कल दिल्ली-एनसीआर की ही तरह बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के कुल 12 जिलों में शनिवार को बारिश हुई। बारिश से लोगों ने राहत की सांस ली और किसानों के लिए भी बारिश बहुत जरूरी थी। आज भी हरियाणा में बारिश का दौर जारी रहेगा और इसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया और हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान जताया। वहीं रोहतक, भिवानी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत सहित 21 जिलों में मध्यम बारिश की संभावना भी जताई गई है।

उत्तर प्रदेश में बारिश

उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मानसून शांत था, जिसके कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। उत्तर प्रदेश में अब एक बार फिर से मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश  के कई इलाकों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है। रविवार और सोमवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश होने की आशंका है। कुछ इलाकों में तो मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है। 

बिहार का मौसम

बिहार में मानसून सक्रिय है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई है। कैमूर, औरंगाबाद, गयाजी और नवादा जैसे जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को इन इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

महाराष्ट्र मुंबई में कैसा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश होने की संभावना है।  कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में 23 से 29 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है। जबकि 27 और 28 अगस्त को कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। राजधानी मुंबई में आज भी कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। 

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap