धुरंधर 2 फिल्म सिनेमा घरों में रिलीज हो गई है। फिल्म के रिलीज होते ही लाखों लोग इसकी तारीफ कर रहे हैं। सिर्फ दर्शक ही नहीं, बल्कि कई सेलेब्रिटीज भी इस फिल्म की सराहना कर रहे हैं। इसी बीच एक्टर प्रकाश राज का एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रकाश राज ने पोस्ट में लिखा है कि वह धुरंधर 2 से बहुत दूर हैं। इसके अलावा उन्होंने फिल्म की तारीफ कर रहे महेश बाबू,अल्लू अर्जुन, विजय देवरकोंडा और जूनियर एनटीआर पर तंज कसा है। प्रकाश राज ने सवाल उठाया है कि ज्यादातर साउथ इंडियन एक्टर ही क्यों फिल्म की तारीफ कर रहे हैं।
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया एक्स पर एक यूजर ने ट्वीट किया कि महेश बाबू, जूनियर एनटीआर, अल्लू अर्जुन और विजय देवरकोंडा जैसे बड़े सितारों ने आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर 2' की जमकर तारीफ की है। यूजर ने सवाल पूछा कि क्या किसी बॉलीवुड स्टार ने भी ऐसा किया है? इस ट्वीट को रीशेयर करते हुए प्रकाश राज ने लिखा, 'क्या यह एहसान चुकाने या मजबूरी में तारीफ करने का चलन अब साउथ फिल्म इंडस्ट्री में भी फैल रहा है। सिर्फ पूछ रहा हूं।'
यह भी पढ़ें: 'मैं पाकिस्तान का नहीं हूं', धुरंधर 2 के विलेन विवेक ने दी ट्रोलर्स को जवाब
इसके अलावा प्रकाश राज ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो भी शेयर किया है। यह वीडियो उनके घर का है, जिसमें स्पीकर पर 'अभी न जाओ छोड़कर' गाना बज रहा है। इस वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'धुरंधर से बहुत दूर सिर्फ पूछ रहा हूं।' अब सवाल उठता है कि साउथ एक्टर्स ने धुरंधर 2 की तारीफ में क्या कहा है।
साउथ इंडियन सितारों ने क्या कहा?
फिल्म 19 मार्च 2026 को रिलीज हुई थी और इन सितारों ने इसकी काफी तारीफ की है। महेश बाबू ने कहा, 'धुरंधर 2 एक धमाकेदार फिल्म है, जिसे बेहतरीन ढंग से अंजाम दिया गया है। रणवीर का एक्टिगं बेहद शानदार है। आदित्य धर ने जिस तरह इस फिल्म की कल्पना की और इसे दर्शकों के सामने पेश किया, वह वाकई सराहनीय है। मैडी के अभिनय और शश्वत सचदेव के संगीत का विशेष रूप से उल्लेख करना चाहूंगा। यह एक ऐसी फिल्म है जिसे देखना और सराहना चाहिए। पूरी टीम को बधाई।'
जूनियर एनटीआर ने कहा, 'इस फिल्म में अक्षय खन्ना को भी नहीं भूलना चाहिए, जिन्होंने अपने दमदार अभिनय से इस फ्रेंचाइज की मजबूत नींव रखी। पहले भाग में उनकी शांत लेकिन प्रभावशाली अदाकारी, गहराई और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस लाजवाब है। क्या गजब के एक्टर हैं।'
यह भी पढ़ें: लीक होने कोई चांस नहीं, 'लव एंड वॉर' के लिए भंसाली ने सबसे करा लिए दस्तखत
अल्लू अर्जुन ने कहा, 'अभी-अभी धुरंधर 2 देखी है। इस फिल्म में देशभक्ति का जलवा है। यह एक ऐसी फिल्म है जो हर देशभक्त को गर्व महसूस कराएगी।'
विजय देवरकोंडा ने फिल्म के निर्देशक आदित्य धर को 'पागल जीनियस' बताया, जो इतनी शानदार फिल्म बना रहे हैं।