भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद शुरू हुई 'कॉकरोच जनता पार्टी' ने तहलका मचा रखा है। चंद दिनों में ही इस पार्टी ने भारत की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी यानी भारतीय जनता पार्टी (BJP) को पछाड़ दिया है। अब लोग अपनी समस्याएं भी लिखकर कॉकरोच जनता पार्टी को टैग कर रहे हैं। इतना ही नहीं, इसे नेपाल और बांग्लादेश जैसे देशों में हुए हिंसक आंदोलनों जैसे आंदोलन की तैयारी भी बताया जा रहा है। इसे बनाने वाले अभिजीत दीपके ने इस पर सफाई भी दी है। अब उनसे जुड़े अलग-अलग एंगल भी तलाशे जा रहे हैं और इसके भविष्य को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं। 

 

अब अभिजीत दीपके का आम आदमी पार्टी से भी कनेक्शन सामने आया है क्योंकि वह AAP के साथ काम कर चुके हैं। सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है जिसमें अभिजीत को मनीष सिसोदिया के साथ देखा जा सकता है। आरोप लगाए जा रहे हैं कि जेन-जी आंदोलन जैसा कुछ करने की तैयारी हो रही है। इस पर खुद अभिजीत ने सफाई भी दी है।

आरोपों पर क्या बोले अभिजीत दीपके?

आज तक को दिए एक इंटरव्यू में अभिजीत दीपके ने कहा है, 'अरविंद केजरीवाल चाहें तो अपना समर्थन दे सकते हैं लेकिन मुझे नहीं लगता कि जेन-जी का कोई भी युवा चाहेगा कि इस आंदोलन में कोई भी स्थापित दल साबित हो। सिर्फ 3 दिन में हमें जो समर्थन मिला है उसे दखिए। क्या आपको लगता है कि यह किसी योजनाबद्ध या प्रोयाजित तरीके से संभव है? बिल्कुल नहीं। यह युवाओं का वह गुस्सा और हताशा है जो अब बाहर आ रहा है।'

 

उन्होंने यह भी कहा है कि उनके पास कोई ठोस ऐक्शन प्लान तो नहीं है लेकिन वह लोगों की बात सुनकर रणनीति तय करेंगे। अभिजीत ने यह भी बताया है कि वह अमेरिका में हैं। अब यह देखा जा रहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी ने लोगों की समस्याएं पूछने की भी शुरुआत कर दी है इसीलिए यह भी पूछा जा रहा है कि आखिर क्या होने वाला है।

किधर जा रही है कॉकरोच जनता पार्टी?

शुरुआत में मजाक और व्यंग्य के तौर पर देखी जा रही यही पार्टी अब जनता की समस्याएं पूछ रही है इसलिए अब इसे थोड़ा गंभीरता से भी देखा जा रहा है। माना अभिजीत दीपके की बातों से कयास लगाए जा रहे हैं कि इस फैन फॉलोइंग को धरातल पर उतारने के लिए भी वह कोई कदम उठा सकते हैं। हालांकि, अभी तक इस पार्टी का पूरा का पूरा मामला सिर्फ ऑनलाइन रैंट यानी सवाल-जवाब और एक तरह की ट्रोलिंग तक ही सीमित है।

 

यह सब कुछ जस्टिस सूर्यकांत की उस टिप्पणी से शुरू हुआ जिसमें उन्होंने कह दिया था कि कुछ युवा कॉकरोच की तरह हैं। हालांकि, बाद में उन्होंने इस पर सफाई भी दी लेकिन उसी गुस्से से सोशल मीडिया पर एक आंधी उठ खड़ी हुई। अब तमाम लोगों ने कॉकरोच जनता पार्टी से मिलते-जुलते हैंडल बना लिए हैं और उनके भी हजारों फॉलोवर्स हो चुके हैं।

जबरदस्त है फैन फॉलोइंग

सिर्फ 6 दिन में ही कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम फॉलोवर्स की संख्या 11.6 मिलियन यानी 1 करोड़ 16 लाख के पार हो गई है। यह चौंकाने वाला इसलिए है कि बीजेपी के इंस्टाग्राम फॉलोवर्स की संख्या 87 लाख, आम आदमी पार्टी के फॉलोवर्स की संख्या 19 लाख और कांग्रेस के फॉलोवर्स की संख्या 1.33 करोड़ है। कुछ ही समय में कॉकरोच जनता पार्टी के फॉलोवर्स की संख्या कांग्रेस से भी ज्यादा हो सकती है। पार्टी की ओर से यह भी बताया गया है कि अभी तक कम से कम 20 लाख लोग उसमें शामिल हो चुके हैं। 

 

इतने कम समय में ही ट्विटर पर भी इसके 1.92 लाख फॉलोवर्स हो गए हैं। यह खबर लिखे जाने तक यानी 21 मई को सुबह 11:30 बजे तक कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम हैंडल पर लगभग 40 वीडियो पोस्ट किए जा चुके थे। हर वीडियो पर मिलियन्स में व्यू हैं और अगर कुल व्यू को जोड़ें तो इतने कम समय में 350 मिलियन से भी ज्यादा व्यू इस हैंडल पर आ चुके हैं।


क्या है मैनिफेस्टो?

कुछ ही दिनों में इस पार्टी ने अपना मैनिफेस्टो भी जनता के सामने रख दिया है। इसमें पहली बात लिखी गई है कि अगर यह पार्टी सत्ता में आती है तो किसी भी चीफ जस्टिस को उसके रिटायरमेंट के बाद राज्यसभा नहीं भेजा जाएगा। इसके अलावा, वोट डिलीट होने पर CEC के खिलाफ UAPA लगाने, महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने और कैबिनेट में भी महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने की बात कही गई है। 

 

साथ ही, अडाणी और अंबानी की ओर से संचालित मीडिया संस्थानों के लाइसेंस कैंसल करने और पार्टी बदलने वाले नेताओं के चुनाव लड़ने पर रोक लगाने जैसे वादे किए गए हैं।

ज्वाइन करने की योग्यता?

इस पार्टी ने सदस्यता के लिए जो योग्यता रखी है वह बेहद रोचक है। इसमें लिखा गया है कि आपका बाय च्वाइस, बाय फोर्स या सैद्धांतिक रूप से बेरोजगार होना जरूरी है। इसके अलावा, शारीरिक रूप से सुस्त होने, दिन में कम से कम 11 घंटे ऑनलाइन रहने और प्रोफेशनल लेवल पर रैंटिंग करने योग्य होना चाहिए।