हरिद्वार में हरि की पैड़ी पर एक ऐसा नजारा दिखा है, जिसकी लोगों ने कल्पना नहीं की होगी। गंगा में मृतकों को मोक्ष के लिए लोग अस्थि विजर्सन करते हैं, एक पति ने अपनी जिंदा पत्नी की तस्वीर विसर्जित की और नदी में फेंक दिया। शख्स ने तस्वीर गंगा में डालने से पहले उस पर थूका, फिर धीरे-धीरे चावल के पिंड नदी में फेंकने लगा।

'पिंडदान' का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग वायरल वीडियो पर भड़के हैं। लोगों का कहना है कि धार्मिक रीति का कोई कैसे इस तरह से मजाक उड़ा सकता है। यह विवाद इतना बढ़ गया है कि अब पुलिस युवक की तलाश में जुटी है, पहचानने की कोशिश की जा रही है। 

यह भी पढ़ें: कुत्ते को मारना पड़ा भारी, महिला ने थाने के बाहर ही सिक्योरिटी गार्ड को पीट दिया

रील बनाने से पति ने रोका, नहीं मानी तो पिंडदान किया 

सोशल मीडिया पर एक तबका यह दावा कर रहा है कि युवक, अपनी पत्नी से परेशान था। पत्नी रील बनाती थी, वह उसे टोकता था। उसने फैसला किया कि पत्नी से सारे रिश्ते तोड़ लेते हैं। वह घाट पर गया, पत्नी का पिंडदान किया, चावल के पिंड नदी में फेंके। लोग इस बात पर चौंक गए, जब शख्स ने तस्वीर पर एक नहीं, कई बार थूका। 

भड़क क्यों गए हैं?

वायरल वीडियो पर पुजारी समाज भड़का हुआ है। तीर्थ पुरोहित और हिंदू संगठनों ने नाराजगी जाहिर की है। सोशल मीडिया पर भी लोग लिख रहे हैं कि ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया जाना चाहिए, जिसे धर्म स्थलों के सम्मान का तरीका न पता हो। 

कहां का है वीडियो?

दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो हरि की पैड़ी का है। गंगा नदी दिख रही है, घाट और सीढ़ियां भी दिख रही हैं। पुलिस को अभी तक सटीक लोकेशन की जानकारी नहीं हो पाई है।

यह भी पढ़ें: स्कूटी से फिसले, रोड रोलर के नीचे दबे, दिल दहला देगा हादसे का वायरल वीडियो

 

वायरल वीडियो में क्या है?

एक महिला की तस्वीर है, जिस पर माला चढ़ी है। युवक कैमरे में तस्वीर दिखाता है, उस पर 5 बार थूकता है। लोगों ने इसे धार्मिक तौर पर गलत कहा है। लोगों का कहना है कि कैसे कोई गंगा में थूक सकता है। युवक गंगा में तस्वीर भी फेंक देता है।युवक पिंडदान जैसी धार्मिक क्रिया भी करता है, पिंड नदी में प्रवाहित करता है। वहां मौजूद लोग भी हैरानी से इसे देखते हैं लेकिन कोई टोकता नहीं है। पुलिस ने कहा है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। 

डिस्क्लेमर: खबरगांव इस वायरल वीडियो और दावे की पुष्टि नहीं करता है।