जन नायक जनता पार्टी (JJP) के नेता दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को हरियाणा पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जब वह हिसार में जिला पुलिस प्रमुख से मिलने जा रहे थे, तब एक पुलिस गाड़ी ने उनका रास्ता रोक लिया।
पुलिसवालों ने उन पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और पिस्तौल भी तान दी। दुष्यंत चौटाला बृहस्पतिवार को गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में हुए एक विरोध प्रदर्शन के दौरान 6 जेजेपी समर्थकों की गिरफ्तारी के मुद्दे पर पुलिस अधिकारी से बात करने जा रहे थे।
दुष्यंत चौटाला ने इन गिरफ्तारियों को अनुचित बताया है। वह शुक्रवार जन नायक जनता पार्टी की छात्र इकाई 'इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन' के कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर हिसार पहुंचे थे। उनके समर्थको ने इस घटना पर नाराजगी जाहिर की है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा सरकार ने दो अधिकारियों पर गिराई गाज, क्या है IAS के निलंबन की प्रक्रिया?
दुष्यंत चौटाला ने क्या आरोप लगाए हैं?
दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि सचिवालय जाते वक्त क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) के सदस्यों ने उनकी गाड़ी को रोकने की कोशिश की, गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और पिस्तौल दिखाई। उन्होंने एसपी सिद्धांत जैन से मुलाकात की और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मामले में तुरंत कार्रवाई करने की मांग भी की।
यह भी पढ़ें: 'नेपाल की तरह शासकों को सड़कों पर पीटना पड़ेगा', अजय चौटाला का भड़काऊ बयान
कौन हैं दुष्यंत चौटाला?
दुष्यंत चौटाला हरियाणा के डिप्टी सीएम रह चुके हैं। वह जन नायक जनता पार्टी के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने अक्टूबर 2019 से मार्च 2024 तक हरियाणा के उप-मुख्यमंत्री के रूप में काम किया है। वह हरियाणा के प्रसिद्ध राजनीतिक चौटाला परिवार से आते हैं। वह पूर्व उप-प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के परपोते हैं। वह सबसे कम उम्र के सांसद भी रह चुके हैं।
