उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति डीएम ऑफिस के बाहर सफेद कफन ओढ़कर लेटा हुआ था और बता रहा था कि वह जिंदा है क्योंकि सरकारी कागजों में उसे मृत घोषित कर दिया गया है। इस शख्स ने दावा किया है कि उसे 2012 में ही रेवेन्यू रिकॉर्ड में मृत दर्ज कर दिया गया था। उनका आरोप है कि उनकी जमीन एक महिला ने हड़प ली। दावा करने वाले व्यक्ति का नाम इशहाक अली है, जो कफन ओढ़कर डीएम के सामने यह साबित करना चाहते हैं कि वह जिंदा हैं ताकि अधिकारी उनकी बात समझ सकें।
इशहाक अली पहले सरकारी अस्पताल में स्वीपर (सफाई कर्मचारी) के तौर पर काम करते थे। साल 2019 में उन्हें नौकरी से रिटायरमेंट मिला था लेकिन रेवेन्यू रिकॉर्ड में उन्हें 2012 में ही मृत दर्ज कर दिया गया था। जानकारी के लिए बता दें कि रेवेन्यू रिकॉर्ड एक सरकारी दस्तावेज होता है, जिसमें व्यक्ति की जमीन पर मालिकाना हक दर्ज होता है। इशहाक अली के मृत दर्ज होने की वजह से वह अपनी जमीन का मालिकाना हक खो चुके हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और कई लोग इस पर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: BJP विधायक पर कर दी घूंसों की बरसात, कौन हैं बाबा सीताराम?
क्या है इशहाक अली का दावा?
इशहाक ने दावा किया है कि रेवेन्यू क्लर्क ने 2012 में उन्हें मृत दिखाकर उनकी पुश्तैनी जमीन एक महिला के नाम कर दी। जब इशहाक को इस बात का पता चला तो उन्होंने कई बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाए लेकिन उनकी बात किसी ने नहीं सुनी। इससे परेशान होकर वह डीएम ऑफिस के बाहर कफन ओढ़कर लेट गए ताकि अधिकारी उनकी बात सुनें।
इशहाक अली का कहना है कि 2 दिसंबर 2012 को उनके कागजों में हेरफेर की गई और उनकी 0.770 हेक्टेयर पुश्तैनी जमीन गांव की एक महिला के नाम कर दी गई।
वायरल वीडियो में क्या है?
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक बुजुर्ग व्यक्ति सफेद कफन ओढ़कर लेटा हुआ है और हाथ में एक बैनर पकड़े हुए है, जिस पर लिखा है,'डीएम साहब, हम जिंदा हैं।' इस वीडियो पर कई लोगों ने एक्स (X) अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी है।
यह भी पढ़ें: मीटिंग में पहुंचे बंदर के लिए DM ने छोड़ दी सीट, देखें वीडियो
लोगों ने क्या कहा?
इस वीडियो को देखने के बाद विजय चौहान ने कहा, 'इसमें ज्यादा कुछ करने की जरूरत नहीं, इशहाक को बोलो कि पहले पटवारी को फिर उस महिला को निपटा दे, बस मीलॉर्ड अपने आप समझ जाएंगे कि भूत ने निपटाया है, इसलिए कुछ नहीं हो सकता।'
वहीं दूसरी तरफ मनोज कुमार शर्मा ने कहा, 'इस देश के कानून से भगवान भी नहीं बचा सकता।'
