पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस IPL 2026 से बाहर हो गई है। रविवार (10 मई) को रायपुर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों मिली करीब हार से MI की बची-खुची उम्मीदें भी ध्वस्त हो गईं। MI ने टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 166 रन का स्कोर खड़ा किया था। बोर्ड पर रन कम लग रहे थे लेकिन दीपक चाहर और कॉर्बिन बॉश ने लगातार अंतराल पर विकेट लेकर MI को मुकाबले में बनाए रखा। फिर अफगानी स्पिनर एम गजनफर ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर RCB के संकटमोचक बने क्रुणाल पंड्या (46 गेंद में 73) का विकेट लेकर मैच को रोमांचक बना दिया।
अब RCB को आखिरी 2 ओवर में 18 रन बनाने थे और क्रीज पर रोमारियो शेफर्ड थे। 19वां ओवर लेकर आए जसप्रीत बुमराह ने शेफर्ड और रसिख सलाम डार को सिर्फ 3 रन ही बनाने दिए, जिससे MI को जीत की सुगंध आने लगी थी, तभी हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभाल रहे सूर्यकुमार यादव बड़ा ब्लंडर कर बैठे। सूर्या की इस एक गलती ने MI की लुटिया डुबो दी और अंतत: टीम IPL 2026 से एलिमिनेट हो गई।
यह भी पढ़ें: विराट कोहली के पीछे पड़ा 2022 वाला भूत, लगातार दूसरे मैच में नहीं खुला खाता
RCB के खिलाफ सूर्या से क्या गलती हुई?
डिफेंडिंग चैंपियन RCB को जीत के लिए अंतिम 6 गेंद में 15 रन चाहिए थे। वह पिछले दो मुकाबले हार चुकी थी और उसके ऊपर दबाव साफ दिख रहा था लेकिन सूर्या के एक फैसले ने उसका काम आसान कर दिया। दरअसल, सूर्या ने आखिरी ओवर डालने की जिम्मेदारी गजनफर को नहीं, बल्कि युवा ऑलराउंडर राज अंगद बावा को दे दी। गजनफर का एक ओवर बाकी था लेकिन सूर्या ने बावा पर भरोसा किया। इस सीजन का अपना दूसरा ही मैच खेल रहे मीडियम पेसर राज अंगद बावा के लिए प्रेशर में यह ओवर निकालना आसान नहीं था।
राज अंगद बावा ने आखिरी ओवर की शुरुआत वाइड और नो-बॉल के साथ की। वह लकी रहे कि शेफर्ड फ्री-हिट पर बड़ा शॉट नहीं लगा पाए। ओवर की पहली लीगल गेंद पर सिंगल आया। बावा ने रसिख सलाम डार के खिलाफ भी वाइड यॉर्कर की कोशिश की, जो ट्रैम-लाइन के पास से होते हुए कीपर के पास गई। इस बीच रसिख और शेफर्ड ने एक रन चुरा लिया। अंपायर ने कहा कि यह गेंद वाइड थी। यानी बावा 1 गेंद में 5 रन खर्च चुके थे।
यह भी पढ़ें: 'खराब फील्डिंग के चलते हारे...' IPL 2026 से बाहर होने पर छलका ऋषभ पंत का दर्द
ऐन वक्त पर छक्का खा बैठे राज अंगद बावा
बावा ने दूसरी गेंद डॉट डाली और फिर तीसरी गेंद पर शेफर्ड का विकेट चटका दिया। अब मुकाबला RCB की पहुंच से दूर जाता दिख रहा था, तभी बावा ने नए बल्लेबाज भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ बाउंसर डालने के प्रयास में वाइड गेंद डाल बैठे। इसके बाद उन्होंने वाइड यॉर्कर का प्रयास किया, जिसे भुवनेश्वर ने कवर के ऊपर से छक्के के लिए भेज दिया। यहां से RCB को जीत के लिए 2 गेंद में सिर्फ 3 रन की जरूरत थी। भुवनेश्वर ने ओवर की पांचवीं गेंद पर सिंगल निकाला। इसके बाद आखिरी गेंद पर बावा फॉलो-थ्रू में मिसफील्ड कर बैठे, जिससे RCB ने इस रोमांचक मुकाबले में बाजी मार ली। कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना था कि अगर सूर्या ने गजनफर को गेंद थमाई होती तो शायद मैच का परिणाम कुछ और हो सकता था।
