IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ एक अनोखा वाकया देखने को मिला, जहां टीम को हार के बावजूद फायदा हो गया। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मुकाबले में 10 रन से हार झेलने के बाद भी CSK प्वाइंट्स टेबल में एक स्थान ऊपर चढ़ गई। यह मामला इसलिए खास है क्योंकि आमतौर पर हार के बाद टीम की स्थिति कमजोर होती है लेकिन यहां कहानी कुछ अलग रही। आपको बता दें कि यह मैच IPL 2026 का 27वां मैच था, जो 18 अप्रैल को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया था।
राजीव गांधी स्टेडियम में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 195 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा था। जवाब में चेन्नई की शुरुआत ठीक रही लेकिन बीच के ओवरों में श्रीलंकाई पेसर ईशान मलिंगा ने अपनी सटीक यॉर्कर और स्लोअर गेंदों से चेन्नई की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। मलिंगा ने 29 रन देकर 3 अहम विकेट चटकाए। वहीं, बाएं हाथ के स्पिनर शिवांग कुमार ने अपनी फिरकी से बल्लेबाजों को बांधे रखा और 3 ओवर में महज 18 रन दिए, जिससे रन गति पर ब्रेक लग गया।
यह भी पढ़ें: 'कांबली बिल्कुल ठीक है, कौन अफवाह फैला रहा', पत्नी का आया बयान
लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई को अंतिम 10 ओवरों में 84 रनों की दरकार थी। क्रीज पर बड़े शॉट खेलने वाले बल्लेबाज मौजूद थे लेकिन हैदराबाद की कसी हुई गेंदबाजी ने मैच को आखिरी ओवर तक खींच दिया। अंतिम 6 गेंदों पर 18 रन चाहिए थे। गेंद प्रफुल्ल हिंगे के हाथ में थी, जो अपने शुरुआती ओवरों में 50 से ज्यादा रन लुटा चुके थे। हालांकि, दबाव के वक्त प्रफुल्ल ने शानदार वापसी की और जैमी ओवरटन जैसे खतरनाक बल्लेबाज के सामने केवल 7 रन देकर हैदराबाद की जीत पक्की कर दी।
CSK को प्वाइंट्स टेबल में हुआ एक पायदान का इजाफा
हैदराबाद के खिलाफ मैच से पहले CSK 8वें नंबर पर थी और उसके खाते में 4 अंक थे। टीम का नेट रन रेट -0.846 था। हालांकि, SRH के खिलाफ करीबी मुकाबले में हारने के बावजूद CSK का NRR सुधरकर -0.780 हो गया, जिसने उसे 7वें पोजीशन पर पहुंचा दिया। इसी के चलते लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को पीछे जाना पड़ा, जिनका नेट रन रेट -0.804 है। इस पूरे घटनाक्रम में नेट रन रेट ने सबसे बड़ी भूमिका निभाई। CSK भले ही मैच हार गई लेकिन हार का अंतर कम रहने से उसका नेट रन रेट बेहतर हो गया। दूसरी ओर, LSG का नेट रन रेट इससे खराब रहा, जिसके चलते CSK ने उन्हें पीछे छोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: ट्रेड किए गए खिलाड़ियों का कैसा रहा प्रदर्शन? देखें 24 मैचों का रिपोर्ट कार्ड
CSK के खेले गए मैचों के नतीजे
- 30 मार्च: चेन्नई बनाम राजस्थान (राजस्थान 8 विकेट से जीता।)
- 3 अप्रैल: चेन्नई बनाम पंजाब (पंजाब 5 विकेट से जीता।)
- 5 अप्रैल: चेन्नई बनाम बेंगलुरु (बेंगलुरु 43 रनों से जीता।)
- 11 अप्रैल: चेन्नई बनाम दिल्ली (चेन्नई 23 रनों से जीता।)
- 14 अप्रैल: चेन्नई बनाम कोलकाता (चेन्नई 32 रनों से जीता।)
- 18 अप्रैल: चेन्नई बनाम हैदराबाद (हैदराबाद 10 रनों से जीता।)
