पिछले दो से तीन दिनों में अचानक तापमान काफी ज्यादा बढ़ गया है। कई राज्यों में तो पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी कर दिया है। इसके साथ ही गर्मी के कारण लोगों के साथ-साथ जानवरों को भी परेशानी होने लगी है। गर्मियों में अगर ध्यान ना रखा जाए तो लोग और जानवर बहुत जल्दी बीमार पड़ जाते हैं। इंसान अपना तो ध्यान रखते ही हैं लेकिन जिन घरों में पालतू कुत्ते होते हैं उनके लिए अपने जानवरों का ध्यान रखने का भी टास्क होता है। कुत्ते सिर्फ हांफकर शरीर ठंडा करते हैं। अगर मालिक ध्यान न रखे तो कुत्ता जल्दी बीमार पड़ सकता है। हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्या हो सकती है।

 

कुत्ता आपके परिवार का ही हिस्सा बन जाता है और आपको बच्चों की तरह प्यार करता है लेकिन वह बच्चों की तरह बोल नहीं पाता। ऐसे में उसके स्वास्थय की सारी जिम्मेदारी आप पर ही होती है। गर्मी में छोटी-छोटी सावधानियां बरतें तो कुत्ता खुश, स्वस्थ और एक्टिव रहेगा। गर्मियों में कुत्ते के लिए ठंडी जगह, हल्का खाना और पानी बहुत जरूरी है

 

यह भी पढ़ें: कुत्ता खरीदने से पहले जरूर करवा लें यह मेडिकल टेस्ट, नहीं तो हो जाएगी प्रॉब्लम

ठंडी और हवादार जगह

गर्मियों के महीनों में कुत्ते को हमेशा ठंडी जगह पर रखना बहुत जरूरी है क्योंकि उनके शरीर पर बाल होते हैं जिसके कारण उन्हें इंसानों से भी ज्यादा गर्मी लगती है। घर में पंखा या कूलर चलाकर आप अपने कुत्ते को गर्मी से राहत दे सकते हैं। सीधी धूप वाली जगह से दूर रखने की कोशिश करें और दिन के समय कुत्ते को तेज धूप में बाहर ना निकलने दें। बाहर रखने वाले कुत्तों के लिए छायादार कोना बनाकर आप उनकी मदद कर सकते हैं। इसके अलावा अगर आपके कुत्ते को ज्यादा गर्मी महसूस होती है तो आप कूलिंग मैट खरीद सकते हैं। ये मैट ठंडक देते हैं और कुत्ता इन पर लेटकर आराम करेगा। 

पानी सबसे जरूरी

गर्मियों के दिनों में जिस तरह से हमें हाइड्रेट रहने के लिए समय-समय पर पानी की जरूरत होती है ठीक उसी तरह कुत्तों को भी पानी की जरूरत होती है। पानी कुत्ते के लिए सबसे जरूरी है और कुत्ते के लिए हमेशा ताजा और ठंडा पानी रखें। कई बर्तन अलग-अलग जगहों पर रख सकते हैं लेकिन अगर आपके डॉग को ट्रेनिंग दी गई है तो आप नियमित जगह पर पानी रखें। इसके साथ ही इस बात का ध्यान रखें की पानी गर्म न हो। गर्मियों में आमतौर पर बर्तन में रखा पानी भी काफी गर्म हो जाता है ऐसे में आप बीच-बीच में इसके बदलते रहें।

 

इसके साथ ही तेज गर्मी के समय और लू के समय कुत्ते को पीने के लिए छाछ दी जा सकती है क्योंकि छाछ से कुत्ते को ठंडक महसूस होती है। हालांकि, इस बात का ध्यान रखें की छाछ कम मात्रा में ही देनी है। कुत्ते को गर्म पानी नहीं पीने देना है लेकिन ज्यादा ठंडा पानी भी कु्त्ते के लिए हानिकार है। इससे पेट खराब हो सकता है। 

गर्मी में सैर और व्यायाम कैसे करें

इन दिनों दोपहर के समय बहुत तेज धूप निकलती है। ऐसे में दोपहर में कुत्ते को बाहर न निकालें। सुबह जल्दी या शाम को सैर कराएं। गर्मियों में सीमेंट से बनी गलियां शाम के समय भी गर्म रहती हैं लेकिन हमें इसका अनुभव नहीं होता क्योंकि हम पांव में चप्पल पहनकर रखते हैं। ऐसे में आप कुत्ते को बाहर निकालने से पहले जमीन का तापमान चेक करें और देखें की उस पर चला जा सकता है या नहीं। अगर गर्म लगे तो पंजे जल सकते हैं। इसके साथ ही कुत्ते को छोटे-छोटे वॉक करवाएं और ज्यादा दौड़ाने से बचाएं।  गर्मियों के दिनों में आप अपने कुत्ते के साथ घर के अंदर खेलें।

 

यह भी पढ़ें: कुत्तों की ब्रीडिंग और बेचने का प्लान बना रहे हैं? ये नियम आपके लिए हैं

खान-पान का खास ध्यान रखें

गर्मी में कुत्तों को क्या खाना देना चाहिए इस बारे में बहुत से लोगों के मन में सवाल होते हैं। गर्मी में हल्का खाना दें, जिसमें उबला चिकन, चावल और सब्जियां अच्छे ऑप्शन हैं। दही या छाछ मिलाकर खिलाने से गर्मी से भी कुत्ते को राहत मिल सकती है क्योंकि ये पेट ठंडा रखते हैं। भारी, तैल या मसालेदार खाना न दें और जंक फूड, चॉकलेट, अंगूर और प्याज बिल्कुल न दें। ये नुकसान पहुंचाते हैं। ताजा और आसानी से पचने वाला खाना देने की कोशिश करें और छोटे-छोटे हिस्से में खिलाएं। इसके साथ ही कुत्ते को गर्मियों में ज्यादा खाना ना खिलाएं। 

ग्रूमिंग में बरतें सावधानी

ग्रूमिंक कुत्ते के लिए काफी ज्यादा अहम हो जाती है। खासकर उस समय जब गर्मी बहुत ज्यादा हो रही हो। कुत्ते के बाल नियमित ब्रश करें और हफ्ते में दो-तीन बार ब्रशिंग की रूटिन बना लें। इससे कुत्ते के बाल सही रहेंगे और स्किन को भी राहत मिलेगी। इसके साथ ही ज्यादा गर्म या ज्यादा ठंडे पानी से कुत्ते को ना नहलाएं। इसके साथ ही गर्मियों के दिनों में कुत्तों में पिस्सू बढ़ने की स्मस्या बढ़ जाती है। ऐसे में आप नियमित तौर पर कुत्ते की जांच करते रहें।