पंजाब निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। दोपहर दो बजे तक उसे 600 वार्डों पर जीत मिली। 208 वार्ड में जीत के साथ कांग्रेस दूसरे स्थान पर है। बीजेपी उम्मीदवारों को सिर्फ 52 सीटों पर सफलता मिली। शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने 136 सीटें अपने नाम की। बहुजन समाज पार्टी ने चार वार्ड में जीत का परचम लहराया। 184 वार्डों में निर्दलीयों ने कब्जा जमाया। आप और कांग्रेस के बाद निर्दलीय सबसे बड़ा सियासी धड़ा बनकर उभरे हैं। वहीं 80 प्रत्याशियों ने निर्विरोध जीत हासिल की।
बता दें कि शुक्रवार सुबह 8 बजे से ही मतगणना शुरू हो चुकी है। 26 मई को 102 नगर निकायों में बैलेट पेपर से वोटिंग हुई थी। इनमें आठ नगर निगम, 75 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं। 63.94 फीसद लोगों ने मतदान किया था। कुल 7,554 प्रत्याशी मैदान में थे।
यह भी पढ़ें: पहली पत्नी और बेटी ने कराई कांग्रेस नेता रामसिंह की हत्या? मौत की गुत्थी उलझी
इन नगर निगम में चुनाव
- मोहाली
- बठिंडा
- अबोहर
- बरनाला
- कपूरथला
- मोगा
- बटाला
- पठानकोट
राजा वड़िंग के गढ़ में AAP ने मारी बाजी
स्थानीय निकाय की कुल 1977 सीटों में से आम आदमी पार्टी ने 600 पर जीत हासिल की। शाम तक जीत का यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। पंजाब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के गढ़ में भी AAP ने कमाल कर दिया। यहां की 19 वार्ड में से 13 पर जीत हासिल की। इसी तरह श्री आनंदपुर साहिब में AAP ने 13 में से 11 वार्डों पर जीत हासिल की।
यह भी पढ़ें: पहले चिकन नेक, फिर तारबंदी, अब म्यांमार पर भारत की नजर, घुसपैठ रुक ही जाएगा?
विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी परीक्षा
पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव हैं। उससे पहले इन निकाय चुनाव को सेमी फाइनल मुकाबला माना जा रहा है। बीजेपी जहां मिशन पंजाब में जुटी है, लेकिन निकाय चुनाव के नतीजे निराशाजनक हैं। पार्टी कभी अपनी सहयोगी रही शिअद से भी काफी पीछे है। वहीं इन चुनाव नतीजों से आम आदमी पार्टी में खुशी की लहर है। दिल्ली में करारी हार के बाद पंजाब ही उसका एक मजबूत किला था। हाल ही में राघव चड्ढा समेत सात राज्यसभा सांसदों ने जब AAP को छोड़ा तो विश्लेषकों ने अनुमान लगाया कि पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है। मगर नतीजे इसके विपरीत निकले।
पंजाब आप ने एक्स पर लिखा, 'पंजाब में शहरी निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। ये जीत जनता का संदेश है... भगवंत मान सरकार के काम से जनता खुश है। साथ ही जनता का संदेश है- ईडी पार्टी की घटिया राजनीति पंजाब की जनता को स्वीकार नहीं है।'
