देश की राजधानी दिल्ली में स्थित नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हर दिन लाखों रेल यात्री आते-जाते हैं। स्टेशन पर घुसते समय लंबी लाइन लगती है और लोग धूप में परेशान होते हैं। इसी बीच कुछ कुली पैसे लेकर लोगों को सीधे अंदर घुसा देते हैं और इसमें रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान भी उनकी मदद करते हैं। इसी को लेकर की गई खबरगांव की एक ग्राउंड रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए रेलवे प्रशासन ने जांच और कार्रवाई की बात कही है। रेलवे ने इस पर यह भी स्पष्ट किया है कि बिना सुरक्षा जांच और सामान की स्क्रीनिंग के स्टेशन में प्रवेश की अनुमति नहीं है।
खबरगांव के रिपोर्टर, अभिनव आत्रे ने 13 मई को नई दिल्ली स्टेशन जाकर जमीनी हालत देखी थी। वहां गेट नंबर 8, 10, 11 पर यात्रियों की लंबी लाइन लगी थी और लोग धूप में बेहाल थी। उसी वक्त वहां मौजूद कुली यात्रियों को 500 रुपये में अंदर घुसाने का ऑफर दे रहे थे। ये कुली 8, 10 और 11 के अलावा अन्य गेट से घुसाने की बात कह रहे थे। खबरगांव रिपोर्टर ने देखा कि इन कुलियों ने गेट नंबर 7 से कई यात्रियों की एंट्री भी करवाई।
यह भी पढ़ें: ग्राउंड रिपोर्ट: 500 दो 5 मिनट में एंट्री पाओ; दिल्ली स्टेशन पर कुलियों की चांदी
उनके इस काम में RPF के जवान भी मदद करते दिखे। कैमरा देखकर RPF के जवान थोड़ा पीछे हटे लेकिन जब आश्वस्त हो गए तो इस पूरे खेल में फिर से कुलियों की मदद करने लगे। इस सबके बीच बाकी के यात्री लाइन में ही रह गए और अपनी बारी का इंतजार ही करते रह गए। रिपोर्टर से बातचीत में कई यात्रियों ने भी आरोप लगाए कि उन्हें जल्दी ट्रेन पकड़ने के चक्कर में कुली को ज्यादा पैसे देने पड़े। एक कुली ने तो जल्दी एंट्री कराने के नाम पर रिपोर्टर से भी 500 रुपये मांग लिए।
खबरगांव की खबर का असर
इसी को लेकर अभिनव आत्रे की रिपोर्ट खबरगांव की वेबसाइट पर 16 मई को छपी। खबर में रेल मंत्रालय, आरपीएफ, रेल मंत्री अश्विनी वैष्ण, डीआरएम दिल्ली और नॉर्दन रेलवे को भी टैग किया गया था। इसके चलते सबसे पहले रेलवे सेवा ने इस पर संज्ञान लिया और डीआरएम दिल्ली को टैग करके टैग किया और संबंधित अधिकारियों को सूचित करने की बात कही। रेलवे सेवा ने आरपीएफ को भी इस मामले को देखने को कहा। इसी के बाद डीआरएम दिल्ली की ओर से जवाब दिया गया और कार्रवाई की बात भी कही गई।
यह भी पढ़ें: अब 2.50 लाख आय वाले भी बनवा सकेंगे राशन कार्ड, दिल्ली सरकार देगी सौगात
रेलवे ने क्या जवाब दिया था?
इस खबर पर संज्ञान लेते हुए डीआरएम दिल्ली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जवाब दिया था। इस जवाब में लिखा गया, 'नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा जांच के कड़े इंतजाम किए गए हैं और किसी भी यात्री को संबंधित सुरक्षा कर्मचारियों द्वारा उचित स्क्रीनिंग और सामान की जांच किए बिना स्टेशन परिसर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है। अगर कोई लाइसेंसी कुली (पोर्टर) ऐसे किसी कृत्य में लिप्त या दोषी पाया जाता है तो मौजूदा नियमों और विनियमों के अनुसाार संबंधित व्यक्ति के खिलाफ बिना किसी नरमी के कठोर और अनुशासनात्मक और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।'
इसी जवाब में आगे लिखा गया था, 'इसके अतिरिक्त, इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और तथ्यों का पता लगाने और अगर अगर कोई चूक पाई जाती है तो उसकी पहचान करने के लिए वर्तमान में एक विस्तृत और गहन जांच चल रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।'
