केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भारतीय सेना के टेंडरों में कथित भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। CBI ने आर्मी ऑर्डनेंस कॉर्प्स (AOC) में तैनात कर्नल हिमांशु बाली को 50 लाख रुपये के कथित रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया है। कर्नल हिमांशु बाली कोलकाता के फोर्ट विलियम स्थित ईस्टर्न कमांड में तैनात थे। इस मामले में पहले ही FIR दर्ज की जा चुकी थी जिसमें कर्नल बाली सेमत कई लोगों को आरोपी बनाया गया था। 

 

CBI के मुताबिक कर्नल हिमांशु बाली पर आरोप है कि उन्होंने कानपुर की एक प्राइवेट कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए सेना के टेंडरों में गड़बड़ी की। उन पर आरोप है कि उन्होंने घटिया सामान के सैंपल मंजूर किए और लंबित और बढ़े हुए बिल पास करवाए। इसके बदले रिश्वत लेने का आरोप है। 

 

यह भी पढ़ें: प्रेमी के लिए करोड़ों के गहने चुराए, प्रेमिका नहाने गई, गहने लेकर भाग गया

 

किन लोगों पर केस दर्ज हुआ?

CBI ने इस मामले में कर्नल हिमांशु बाली के अलावा कानपुर की एक प्राइवेट कंपनीसे जुड़े अक्षत अग्रवाल, उनके पिता मयंक अग्रवाल, दिल्ली स्थित सहयोगी आशुतोष शुक्ला और नरेश पाल समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। एजेंसी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और आपराधिक साजिश की धाराओं के तहत FIR दर्ज की है। 

CBI ने क्या आरोप लगाए?

CBI की FIR के अनुसार, ईजीएल कंपनी लंबे समय से देश के कई रक्षा प्रतिष्ठानों को सामान सप्लाई करती रही है। जांच एजेंसी का आरोप है कि कंपनी के संचालकों की कर्नल हिमांशु बाली से नियमित बातचीत होती थी और टेंडर दिलाने के लिए अवैध तरीके अपनाए जाते थे। 

 

CBI के मुताबिक टेंडर प्रक्रिया में हेरफेर किया गया, घटिया सैंपल मंजूर किए गए और बढ़े हुए और लंबित बिल क्लियर करवाए गए। इन सब में कर्नल बाली का हाथ था और इसके इसके बदले उन्होंने रिश्वत ली। 

मीटिंग के बाद मिला टेंडर

CBI जांच में सामने आया है कि मार्च और अप्रैल 2026 के दौरान एक बड़े रक्षा टेंडर को लेकर बातचीत हुई थी। FIR के मुताबिक 22 अप्रैल 2026 को कर्नल हिमांशु बाली और अक्षत अग्रवाल की कोलकाता के पार्क स्ट्रीट इलाके में मुलाकात हुई थी। इसके दो दिन बाद 24 अप्रैल को संबंधित टेंडर उनकी कंपनी को दे दिया गया। 

50 लाख रिश्वत

CBI के अनुसार, 16 मई को कर्नल हिमांशु बाली ने अक्षत अग्रवाल से कथित रिश्वत की बाकी रकम मांगी थी। एजेंसी का आरोप है कि 50 लाख रुपये दिल्ली-NCR में पहुंचाने के लिए कहा गया था। जांच एजेंसी के मुताबिक रकम हवाला चैनल के जरिए दिल्ली के चांदनी चौक इलाके से पहुंचाई जानी थी। 

 

यह भी पढ़ें: हेले लेंग ने भारतीय मीडिया की आजादी पर सवाल उठाए, नॉर्डिक देशों का हाल क्या?

CBI ने की कार्रवाई

CBI ने कर्नल हिमांशु बाली को कोलकाता से गिरफ्तार किया। अधिकारियों के मुताबिक उन्हें आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली लाया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस कथित रिश्वत नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे। FIR में कई अज्ञात लोगों को भी शामिल किया गया है। इस मामले को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) के तहत दर्ज किया गया है